Russia Ukraine War : रूस (Russia) और यूक्रेन (Ukraine) के बीच जारी जंग को 300 दिन से भी ज्यादा हो चुके हैं। दोनों देशों के बीच जारी इस जंग के बीच रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने कहा है कि उनका देश यूक्रेन में संघर्ष को जल्द से जल्द खत्म करना चाहता है। व्‍लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने रूस में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा है कि उनका लक्ष्य सैन्य संघर्ष को जारी रखना नहीं है। यह जितना जल्दी होगा अच्छा है।

अमेरिका से पैट्रियट मिसाइल हासिल कर रहा है यूक्रेन (Ukraine)

इस दौरान व्‍लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने कहा कि यूक्रेन (Ukraine) संयुक्त राज्य अमेरिका से पैट्रियट मिसाइलों को प्राप्त कर रहा है, जिसकी घोषणा राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की (Volodymyr Zelenskiy) की वाशिंगटन यात्रा के दौरान की गई थी, इससे संघर्ष को सुलझाने में मदद नहीं मिलेगी। पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम  को काफी उन्नत और सार्थक माना जाता है लेकिन राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इसे काफी पुराना कहकर खारिज कर दिया। मीडिया के मुताबिक पुतिन ने कहा कि मास्को इसका मुकाबला करने का एक तरीका खोज लेगा। पुतिन ने संवाददाताओं से कहा कि हमारा लक्ष्य सैन्य संघर्ष को बढ़ाना नहीं है। बल्कि इसके विपरीत इस युद्ध को समाप्त करना है।

व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने क्या कहा

व्‍लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) के इस बयान पर व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि पुतिन ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के साथ शुरू हुए युद्ध को समाप्त करने के लिए बिल्कुल शून्य संकेत दिया है कि वह बातचीत करने को तैयार हैं। जॉन किर्बी ने कहा कि जो कुछ भी वह (पुतिन) जमीन पर और हवा में कर रहे हैं, वह एक ऐसे व्यक्ति को दर्शाता है जो यूक्रेनी लोगों पर हिंसा जारी रखना चाहता है (और) युद्ध को बढ़ाना चाहता है।

ऐसा लगता है कि रूस अपनी हार को करीब देखकर युद्ध खत्म करने की बात कर रहा है। राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की (Volodymyr Zelenskiy) बुधवार को वाशिंगटन में राष्ट्रपति जो बिडेन से मिले और उनका समर्थन हासिल कर यूक्रेन लौट आए। इस युद्ध के शुरू होने के बाद यह उनकी पहली विदेशी यात्रा थी।