आयरिश की किफायती विमानन कंपनी रायनियर के प्लेन में उड़ान के दौरान आक्सीजन की सप्लाई ही बंद हो गई। यात्रियों की सांस ही उखड़ने लगी। 33 यात्रियों के कान से तो खून निकलने लगा। नौ हजार मीटर की ऊंचाई पर उड़ान के दौरान यह घटना हुई। यात्रियों की हालत खराब होने पर विमान को आनन-फानन में जर्मनी के फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर उतारा गया। शनिवार को हुई इस घटना के बारे मे जर्मनी की फेडरल पुलिस ने पुष्टि की। इस घटन के बाद यात्री खौफजदा हैं।

रायनियर फ्लाइट FR7312 शुक्रवार को कुल 189 यात्रियों को लेकर डब्लिन से क्रोएशियन शहर जदर जा रहा था। इस दौरान ऑक्सीजन संकट उत्पन्न होने से यात्रियों की हालत खराब हो गई।फ्लाइट में तमाम यात्रियों ने सिर और कान में दर्द की बात कही।

जर्मनी की मीडिया के मुताबिक विमान की आपातकालीन लैंडिंग के बाद यात्रियों को अस्पताल भेजा गया। कुछ यात्रियों को छुट्टी मिल गई तो कुछ का अब भी इलाज चल रहा है।विमान में सवार यात्रियों का कहना है कि उन्हें लगा जैसा आज जिंदगी का आखिरी दिन रहा हो। जिंदगी पर संकट छा गया था। अगर विमान की आपातकालीन लैंडिंग न होती तो शायद कई यात्रियों की जान चली जाती।