उज्बेकिस्तान के रास्ते भारत से मॉस्को जा रहा एक चार्टर्ड विमान अफगानिस्तान के बदख्शां प्रांत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।। बदख्शां में तालिबान के सूचना एवं संस्कृति प्रमुख ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। मामले की जांच के लिए एक टीम भेज दी गई है।

डीजीसीए अधिकारी ने पुष्टि की है कि यह भारतीय विमान नहीं है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, जो विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ वह मोरक्कन पंजीकृत DF 10 विमान था। फिलहाल आधिकारिक सूत्रों ने हताहतों की संख्या या दुर्घटना के कारण के बारे में जानकारी नहीं दी है।

रूसी विमानन अधिकारियों ने कहा कि विमान में छह लोगों के सवार होने की आशंका है। विमान शनिवार शाम को अफगानिस्तान के ऊपर रडार स्क्रीन से गायब हो गया था। विमान फ्रांस निर्मित डसॉल्ट फाल्कन 10 जेट था।

इससे पहले कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से कहा गया था कि यह भारतीय यात्री विमान है। लेकिन अब ताजा जानकारी के मुताबिक सामने आ रहा है कि यह विमान भारतीय नहीं है और इस विमान के यात्री विमान होने की पुष्टि भी नहीं की जा रही है।

क्या जानकारी सामने आई है?

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने रविवार को बताया कि उज्बेकिस्तान के रास्ते भारत से मॉस्को जा रहा एक चार्टर्ड विमान अफगानिस्तान के बदख्शां प्रांत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।

रूसी विमानन अधिकारियों के अनुसार, विमान फ्रांस निर्मित डसॉल्ट फाल्कन 10 जेट था, और यह भारत से उज्बेकिस्तान होते हुए मॉस्को के लिए एक उड़ान पर था। भारत के नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि विमान भारतीय नहीं था। मंत्रालय ने एक्स यह बयान जारी कर यह जानकारी दी है।

रविवार को रॉयटर्स ने स्थानीय पुलिस के हवाले से बताया कि विमान दुर्घटना अफगानिस्तान के सुदूर उत्तर में बदख्शां के सुदूर पहाड़ी पर हुई है और वहां मामले की जांच जारी है। पुलिस ने अभी तक दुर्घटना के कारण या हताहतों की पुष्टि नहीं की है।