फ्रांस की राजधानी पेरिस में हर साल नव वर्ष पर एक शानदार जश्न का आयोजन किया जाता है। हालांकि, इस बार इस आयोजन के कैंसिल होने के आसार लग रहे हैं। पेरिस के अधिकारियों ने सुरक्षा चिंताओं के चलते Champs-Elysees में नए साल की पूर्व संध्या पर होने वाले जश्न को सीमित करने का फैसला किया है। आम तौर पर आधी रात को होने वाला बड़ा संगीत कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि इसके स्थान पर पहले से रिकॉर्ड किया गया वीडियो प्रसारण दिखाया जाएगा। वहीं, मध्य रात्रि को Arc de Triomphe पर आतिशबाजी होगी लेकिन अधिकारियों ने लोगों से इसे घर से देखने का आग्रह किया है। लोगों को संदेह है कि सुरक्षा संबंधी चिंताओं की वजह से ऐसा किया गया है।
पेरिस के अधिकारियों ने घोषणा की है कि 31 दिसंबर को होने वाला कार्यक्रम रद्द कर दिया जाएगा। इसके बजाय, समारोह का एक वीडियो प्रसारित किया जाएगा ताकि दर्शक अपने घर पर सुरक्षा और आराम से इसे देख सकें।
पढ़ें- बीजिंग, मेक्सिको ने ऐसे कम किया हवा में जहर
पेरिस ने नए साल का कार्यक्रम क्यों रद्द किया?
कार्यक्रम को रद्द करने के पीछे अंदेशा है कि पुलिस ने चैंप्स-एलिसी में सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने भीड़ की अप्रत्याशित आवाजाही जैसे सुरक्षा जोखिमों का हवाला दिया। जिसके बाद पेरिस पुलिस ने शहर में लाइव कॉन्सर्ट रद्द करने का अनुरोध किया। मेयर ने भी इस पर सहमति जताई।
जैसे ही घड़ी में 12 बजेंगे, आर्क डी ट्रायम्फ आतिशबाजी से जगमगा उठेगा लेकिन अधिकारियों ने लोगों से व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के बजाय टेलीविजन पर देखने का आग्रह किया है। यह निर्णय हाल ही में इस रास्ते पर हुई हिंसा की घटनाओं के बाद लिया गया है जहां रात में पेरिस के उपनगरों से आने वाले युवा, अधिकतर मुस्लिम प्रवासियों की भीड़ पर दुकानों को लूटने और पेरिसवासियों और पुलिस के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
यह बिना जांच-पड़ताल के मुस्लिम इमिग्रेशन का परिणाम- विशेषज्ञ
मैनहट्टन इंस्टीट्यूट के आव्रजन विशेषज्ञ डैनियल डि मार्टिनो ने मीडिया से कहा, “यह यूरोप में बड़े पैमाने पर बिना जांच-पड़ताल के मुस्लिम इमिग्रेशन का परिणाम है। पश्चिमी यूरोप में कई सालों से आतंकवाद की समस्या रही है और बिना जांच-पड़ताल के इस्लामी इमिग्रेशन ने इसे और भी गंभीर बना दिया है।” फ्रांस के गृह मंत्री खुले आसमान के नीचे लगने वाले क्रिसमस बाजारों पर भी खतरा मान रहे हैं। राज्य के अधिकारियों को लिखे इमरजेंसी लेटर में उन्होंने अल-कायदा और आईएसआईएस जैसे समूहों का हवाला देते हुए आतंकी खतरे” की चेतावनी दी। गृह मंत्री ने क्रिसमस बाजारों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने, वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित करने और खुफिया एजेंसियों को सक्रिय करने का आदेश दिया।
अधिकारियों का कहना है कि पेरिस के कुछ हिस्सों में प्रमुख आयोजनों के दौरान हिंसा की कई घटनाएं हुई हैं। पुलिस ने पिछले दो सालों में झड़प, लूटपाट और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की सूचना दी है। पिछले नव वर्ष की पूर्व संध्या पर, पुलिस ने सैकड़ों कारों में आग लगने की घटनाएं दर्ज कीं और कई गिरफ्तारियां कीं।
