पिछले शुक्रवार को पेरिस पर आतंकी हमले के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति ने कहा था कि यह जंग है। और अगला शुक्रवार आते-आते इस ‘जंग’ ने एक पुख्ता शक्ल अख्तिायार कर ली। पेरिस के अभियोजक कार्यालय ने गुरुवार को बताया कि पेरिस हमलों के संदिग्ध मास्टरमाइंड बेल्जियम के आतंकी को शहर के एक उपनगरीय इलाके की इमारत में की गई छापेमारी में मार गिराया गया। वहीं फ्रांस ने बताया कि उसने सीरिया में आइएस के 35 ठिकानों को नष्ट किया, साथ ही प्रधानमंत्री ने देश पर जैविक और रासायनिक हमलों की आशंका भी जताई।

पेरिस के अभियोजक फ्रांस्वा मोलिन्स के कार्यालय ने कहा कि त्वचा के नमूने के आधार पर 27 साल के अब्देल हामिद अबाउद की शिनाख्त की गई। उसका शव इमारत में पाया गया जिसे बुधवार को पेरिस के उपनगरीय इलाके सेंट डेनिस में छापेमारी में निशाना बनाया गया था। पुलिस फोन टैपिंग, निगरानी और पक्की सूचनाओं में अबाउद के वहां छिपे होने की जानकारी मिली थी जिसके बाद पुलिस ने अभियान शुरू किया था।

फ्रांस अब भी शुक्रवार के हमलों के दर्द से जूझ रहा है और इस बीच प्रधानमंत्री मैन्युल वाल्स ने आगाह किया कि इस्लामी आतंकी किसी समय रासायनिक और जैविक हथियारों का इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्होंने संसद के निचले सदन में कहा, ‘इराक और सीरिया में फ्रांस जो कर रहा है उसके कारण वह आतंकवाद का निशाना नहीं बना। लेकिन यह किस लिए किया गया। हमें पता है कि रासायनिक या जैविक हथियारों का भी खतरा हो सकता है’।

वाल्स ने यह नहीं कहा कि इस तरह के हथियारों का कोई खास खतरा है। यूरोप के दूसरे देशों में नेताओं और विधि प्रवर्तन एजंसियों ने अपने अपने लोगों की सुरक्षा के लिए कदम उठाने शुरू कर दिए। यूरोपीय संघ के पुलिस समन्वय संगठन यूरोपोल ने यूरोप में आतंकी खतरे के गंभीर रूप से बढ़ने की चेतावनी दी।

बेल्जियम में वहां के प्रधानमंत्री चार्ल्स मिशेल ने पेरिस हमलों को देखते हुए आतंक विरोधी अतिरिक्त उपायों के एक पैकेज की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आतंक विरोधी लड़ाई को मजबूत करने के लिए 40 करोड़ यूरो (42.7 करोड़ डॉलर) का कोष निर्धारित किया जाएगा। उन्होंने सांसदों से कहा, ‘सभी लोकतांत्रिक ताकतों को हमारी सुरक्षा मजबूत करने के लिए साथ काम करना होगा’। वहीं बेल्जियम के अधिकारियों ने पेरिस हमलों के सिलसिले में बु्रसेल्स के इलाकों में छह जगह छापेमारी की।

बेल्जियम के संघीय अभियोजक कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा कि मोलेनबीक और बु्रसेल्स के दूसरे इलाकों में छापेमारी की जा रही हैं। अधिकारी ने पहचान गुप्त रखने की शर्त पर यह जानकारी दी क्योंकि इस समय जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि फ्रांस के स्टेडियम पर हमला करने वाले तीन आतंकियों में आात्मघाती हमलावर बिलाल हदफी भी शामिल था और कार्रवाई उसके ‘दल’ की तलाश में की गई। फ्रांस के विदेश मंत्री लॉरेंट फाबियस ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस्लामी स्टेट को खत्म करने के लिए और कदम उठाने की अपील की।

उन्होंने फ्रांस-इंटर रेडियो पर कहा, ‘यह समूह एक राक्षस है। लेकिन अगर दुनिया के सभी देश 30,000 आइएस सदस्यों से लड़ने में सक्षम नहीं हैं तो यह समझ से बाहर है’। फ्रांस ने पेरिस में हुए सिलसिलेवार आतंकी हमलों के बाद से सीरिया में आतंकी समूह इस्लामिक स्टेट के खिलाफ अपने हवाई हमले तेज करते हुए उसके 35 ठिकाने नष्ट कर दिए। सैन्य प्रवक्ता कर्नल जी जैरोन ने गुरुवार को बताया कि फ्रांस के लड़ाकू विमानों ने इस्लामिक स्टेट के कमान केंद्रों या प्रशिक्षण स्थलों को निशाना बनाते हुए छह जगहों पर करीब 60 बम गिराए। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि आइएस को कमजोर और असंगठित करने के मकसद से बमबारी की गई।