मनीला के दक्षिण में एक विशाल फैक्ट्री में आग लगने से दो जापानियों समेत 120 से ज्यादा कर्मी घायल हो गये जबकि एक कर्मी लापता है। आग के बाद सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के लिए हजारों कर्मियों में भगदड़ मच गयी। काबित प्रांत के गवर्नर जीसस क्रिस्पिन रेमुला ने बताया कि प्रांत के जनरल त्रिवास शहर में स्थित ‘द हाउस टेक्नोलॉजी इंडस्ट्रीज’ में लगी आग अब काबू में है लेकिन आग लगने के करीब 24 घंटे बाद भी उसे पूरी तरह बुझाया नहीं जा सका है। उम्मीद की जा रही है कि दमकलकर्मी गुरुवार (2 फरवरी) को बाद में फैक्ट्री में घुसेंगे और उसका निरीक्षण करेंगे। यह फैक्ट्री छह हेक्टेयर (15 एकड़) में फैली है।
रेमुला ने पत्रकारों को बताया कि घायलों में से तकरीबन चार की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि तीन मंजिला फैक्ट्री में आग लगने के बाद कुछ कर्मी जान बचाने के लिए खिड़की से कूद गये। इस फैक्ट्री में जापान को निर्यात करने के लिए मकानों के पूर्वनिर्मित हिस्से बनाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री के एक हिस्से में एक मशीन के अत्यधिक गर्म हो जाने के कारण आग लगी। हादसे के समय फैक्ट्री में काम करने वाले कुल 15 हजार कर्मचारियों में से करीब एक तिहाई कर्मचारी काम कर रहे थे। वर्ष 2015 में उत्तरी मनीला के उपनगर में रबड़ की चप्पल बनाने वाली एक फैक्ट्री में आग लगने से 72 लोगों की मौत हो गयी थी। इससे पहले वर्ष 1996 में एक डिस्को में आग लगने से 162 लोग मारे गये थे।