इस वर्ष साहित्य का नोबेल पुरस्कार जीतने वाले गीतकार बॉब डिलन ने पुरस्कार समारोह में आ पाने में असमर्थता जताई है। पुरस्कार देने वाली स्वीडिश अकादमी ने एक बयान में यह जानकारी दी है। संस्था को लिखे अपने पत्र में, डिलन ने बताया है कि वह अगले महीने स्टॉकहोम में होने वाले समारोह में शामिल होने में असमर्थ हैं क्योंकि उन्होंने ”पहले से ही कमिटमेंट कर रखे हैं।” स्वीडिश अकादमी ने कहा कि डिलन अवार्ड मिलने से ‘बेहद सम्मानित महसूस’ करते हैं और इच्छा जताते हैं कि काश वह व्यक्तिगत तौर पर इसे ग्रहण करने वहां मौजूद हो सकते। संस्था ने कहा कि इससे पहले भी कई नोबेल पुरस्कार विजेताओं ने समारोह में हिस्सा नहीं लिया है फिर भी उन्हें पुरस्कार दिया गया। सिर्फ एक जरूरत यह है कि डिलन को छह महीनों के भीतर एक नोबेल लेक्चर देना होगा। अकादमी ने 13 अक्टूबर को डिलन को ये पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की थी। अकादमी के फैसले से सभी लोग चौंक गए थे क्योंकि नोबेल के इतिहास में पहली बार किसी गायक-गीतकार को ये पुरस्कार दिया गया है।
हर साल की तरह इस साल भी 10 दिसंबर को स्वीडन के स्टॉकहोम में सभी विजेताओं को नोबेल पुरस्कार दिया जाएगा। सभी विजेताओं को स्वीडन के राजा कार्ल XVI गुस्ताफ पुरस्कार देंगे। स्वीडिश अकादमी ने डिलन की प्रशस्ति में कहा था, बॉब डिलन को ‘अमेरिकी गीतों की लंबी परंपरा में नयी काव्य शैली विकसित करने के लिए’ नोबेल पुरस्कार दिया गया है।
डिलन को पुरस्कार के साथ 80 लाख क्रोनोर (9,06,000 डॉलर) की धनराशि मिलेगी। 1941 में मिनेसोटा के डुलुथ में एक साधारण परिवार में जन्मे रॉबर्ट एलेन जिमेरमन उर्फ बॉब डिलेन ने बड़े होने के साथ हार्मोनिका, गिटार और पियानो बजाना सीखा।
नोबेल पुरस्कार की स्थापना 1896 में वैज्ञानिक अल्फ्रेड नोबेल ने की थी। अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार शुरुआती नोबेल पुरस्कारों में शामिल नहीं था। स्वीडेन के सेंट्रल बैंक ने 1968 में इस पुरस्कार की घोषणा की। सभी पुरस्कार विजेता 10 दिसंबर को अल्फ्रेड नोबेल की पुण्यतिथि पर स्वीडन में पुरस्कार ग्रहण करते हैं।