कंजर्वेटिव पार्टी लीडरशिप का चुनाव जीतने वाली लिज ट्रस ब्रिटेन की अगली प्रधानमंत्री बनने जा रही हैं। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के शासनकाल में ट्रस ब्रिटेन की 16वीं प्रधानमंत्री होंगी। बोरिस जॉनसन के इस्तीफे के बाद पीएम पद के लिए लिज ट्रस और भारतीय मूल के ऋषि सुनक के बीच कड़ा मुकाबला था।

पिछले 5 राउंड में सुनक को भारी बढ़त हासिल थी, लेकिन आखिरी राउंड के मुकाबले में लिज ट्रस ने जीत हासिल की। ट्रस को 81326 वोट मिले हैं, जबकि सुनक को 60399 वोट हासिल हुए हैं। अब ट्रस 7 सितंबर को ब्रिटिश संसद में बतौर प्रधानमंत्री उपस्थित होंगी। महारानी एलिजाबेथ II ने 1952 में राजगद्दी संभाली थी। आईए जानते हैं, कौन हैं वो 15 प्रधानमंत्री जो उनके साथ कर चुके हैं काम-

विस्टन चर्चाल (कंजर्वेटिव, 1951-55)
एंथनी इडेन (कंजर्वेटिव, 1955-57)
हारोल्ड मैकमिलन (कंजर्वेटिव, 1957-63)
एलिस डग्लस-होम (कंजर्वेटिव, 1963-64)
हारोल्ड विल्सन (लेबर, 1964-70)
एडवर्ड हीथ (कंजर्वेटिव, 1970-74)
हारोल्ट विल्सन (लेबर, 1974-76)
जेम्स कैलगन (लेबर, 1976-79)
मार्गरेट थैचर (कंजर्वेटिव, 1979-90)
जॉन मेजर (कंजर्वेटिव, 1990-97)
टोनी ब्लेयर (लेबर, 1997-2007)
गोर्डोन ब्राउन (लेबर, 2007-10)
डेविड कैमरन (कंजर्वेटिव, 2010-16)
थेरेसा मे (कंजर्वेटिव, 2016-19)
बोरिस जॉनसन (कंजर्वेटिव, 2019-22)

ब्रिटेन में कराए गए एक सर्वे के मुताबिक, बोरिस जॉनसन ने प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे खराब काम किया है। मार्केट रिसर्च कंपनी इप्सोस के इस सर्वे में 49 फीसद लोगों ने बोरिस जॉनसन को सबसे खराब प्रधानमंत्री बताया है। इसी सर्वे में विस्टन चर्चिल को लोगों ने अब तक का सबसे अच्छा प्रधानमंत्री बताया है। सर्वे के मुताबिक, 62 फीसद का मानना है कि वह अब तक के सबसे अच्छे प्रधानमंत्री रहे हैं।

महारानी एलिजाबेथ ने 25 साल की उम्र में संभाली थी राजगद्दी

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने 6 फरवरी, 1952 को 25 साल की उम्र में राजगद्दी संभाली थी। हाल ही में उन्हें राजगद्दी पर राज करते हुए 70 साल पूरे हो गए हैं। उन्होंने दुनिया की दूसरी सबसे लंबे समय तक राजगद्दी संभालने का रिकॉर्ड बनाया है। जून महीने में उनके शासनकाल के 70 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में ब्रिटेन में महारानी की प्लेटिनम जयंती मनाई गई थी। इस अवसर पर यहां कई कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया था।