आजाद हिंद फौज का हिस्सा रहे नौ सदस्यों की उपस्थिति में यहां भारतीय सांस्कृतिक केंद्र परिसर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। आजाद हिंद फौज के नौ सदस्यों में तीन महिलाएं भी शामिल थीं। पिछले वर्ष मलेशिया के दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां के भारतीय सांस्कृतिक केंद्र का नाम बदलकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारतीय सांस्कृतिक केंद्र रखने की घोषणा की थी। मलेशिया में झांसी रानी रेजिमेंट, बालक सेना और आजाद हिंद फौज के सदस्यों के लिए यह एक ऐतिहासिक पल था।
शनिवार (18 जून) को आजाद हिंद फौज के नौ सदस्यों ने प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया और दो अन्य सदस्यों ने सभा को एक वीडियो संदेश के जरिये संबोधित किया। कार्यक्रम में शामिल हुए आजाद हिंद फौज के नौ सदस्यों में तीन महिलाएं थीं जो कि आजाद हिंद फौज के झांसी रानी रेजिमेंट का हिस्सा थीं। झांसी रानी रेजिमेंट की 90 वर्षीय सदस्य मीनाक्षी पेरुमा ने बंगाली और तमिल में आजाद हिंद फौज का गीत भी गाया।