मदर टेरेसा को मरणोपरांत इस साल के ब्रिटेन के प्रतिष्ठित फाउंडर्स अवॉर्ड दिया गया है। यह सम्मान वैश्विक एशियाई समुदाय के लोगों को उनकी अनुकरणीय उपलब्धियों को मान्यता देते हुए उन्हें पुरस्कृत करता है। टेरेसा की एक मात्र जीवित रिश्तेदार 72 साल की उनकी भतीजी अगी बोजाझीयू खासतौर पर यह पुरस्कार लेने के लिए इटली से आई थीं। टेरेसा को चार सिंतबर को संत घोषित किया जाएगा।
उन्होंने मिशनरीज आफ चैरिटी की स्थापना की थी और 45 साल तक गरीब, बीमार, अनाथ और कोलकाता की सड़कों पर रहने वाले बेसहरा लोगों की सेवा की थी। 87 साल की उम्र में 1997 में कोलकाता में उनका देहांत हो गया था। शुक्रवार को ब्रिटेन में छठें एशियन अवार्ड का आयोजन किया गया था। यह पुरस्कार व्यापार, लोकोपकार, मनोरंजन, संस्कृति और खेल सहित 14 श्रेणियों में दिया जाता है। एशियन पुरस्कार की शुरुआत 2010 में पॉल सागो ने की थी।
उद्यमी और लेमन समूह के संस्थापक सागो ने कहा कि मदर टेरेसा को उनके संत बनने वाले साल में सम्मानित करना महत्वपूर्ण बात है। प्रमुख एनआरआइ उद्यमी और लोकोपकार रामी रेंजर ने यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा के लिए एक लाख पौंड का योगदान दिया। इसके साथ ही उन्हें कम्युनिटी सर्विस पुरस्कार से नवाजा गया।