उत्तरी माली में प्रवासियों को ले जा रहे एक ट्रक पर हथियारबंद लोगों ने हमला बोलकर चार लोगों की हत्या कर दी और छह को घायल कर दिया। यह जानकारी संयुक्त राष्ट्र व चिकित्सीय सूत्रों ने दी है। एक चिकित्सीय सूत्र ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से एएफपी को बताया कि मोटर बाइकों पर सवार होकर आए चार लोगों ने ट्रक पर गोलियां चला दीं। यह ट्रक देश के पूर्वोत्तर में स्थित किदाल की ओर जा रहा था। यात्रियों पर गोलियां चलाने से पहले उन्होंने टायरों पर गोलियां चलाईं। यात्रियों में माली, गिनी, नाइजर और नाइजीरिया के लोग शामिल थे।

माली में संयुक्त राष्ट्र के मिशन ने कल कहा कि घायलों को इलाज के लिए हेलिकॉप्टर के जरिए गाओ ले जाया गया। यह अशांत उत्तरी क्षेत्र का प्रमुख शहर है। मृतकों को वहीं दफना दिया गया, जहां उनकी मौत हुई थी। चिकित्सीय सूत्र ने बताया कि मृतकों में चार माली निवासी और एक गिनी निवासी था। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि मरने वाले पुरुष थे या महिलाएं।

माली के सुरक्षा सूत्र ने हमले की पुष्टि की है लेकिन मृतक संख्या नहीं बताई। सूत्र ने यह बताया है कि 30 लोग इस हमले में जीवित बच गए हैं। ऐसा माना जाता है कि ये प्रवासी अल्जीरिया जा रहे थे। इस बड़े अफ्रीकी देश के उत्तरी क्षेत्र के वर्ष 2012 में तुआरेग विद्रोहियों और अलकायदा से जुड़े जिहादी समूहों के नियंत्रण में आ जाने के बाद से माली में अशांति है। जनवरी 2013 में फ्रांस के नेतृत्व वाले सैन्य हस्तक्षेप ने इन आतंकी समूहों के कब्जे वाला अधिकांश क्षेत्र मुक्त करा लिया था लेकिन लगभग तीन साल बाद भी माली के बड़े इलाकों में अराजकता की स्थिति है।