मालदीव की राजधानी माले में भारतीयों और मालदीव के नागरिकों के बीच झड़प हो गई। इस झड़प में दो नागरिक घायल हो गए हैं। लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह घटना माले से लगभग 7 किमी दूर हुलहुमाले में सेंट्रल पार्क के पास सोमवार रात लगभग 9 बजे हुई। इस मामले में प्रशासन भी सक्रिय हो गया है।
मालदीव की पुलिस ने इस मामले में एक नागरिक को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए जाने वाला नागरिक मालदीव का ही है। हालांकि रिपोर्ट में घायल पक्षों की पहचान का खुलासा नहीं किया गया। जिन दो व्यक्तियों को चोटें आईं, उन्हें हुलहुमाले अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पार्क की सीमा के भीतर मालदीव और भारतीयों के एक गुट के बीच विवाद शुरू हो गया। मामले की जांच फिलहाल जारी है।
मालदीव में पीपुल्स नेशनल कांग्रेस की सरकार
मालदीव में हाल ही में संसदीय चुनाव के नतीजे आये थे। चुनाव में चीन समर्थक राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू की पार्टी पीपुल्स नेशनल कांग्रेस (पीएनसी) ने करीब दो तिहाई बहुमत के साथ शानदार जीत हासिल की। इस चुनाव को देश के राष्ट्रपति मुइज्जू के लिए बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा था, जिनकी नीतियों पर मालदीव में प्रभाव बढ़ाने की कोशिश कर रहे भारत और चीन की नजर रहती है।
मालदीव की कुल 93 सीटों में से मुइज्जू की पार्टी को 66 सीटों पर जीत मिली हैं। इसके आलावा 6 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों की भी जीत हुई है। मालदीव में चुनाव के लिए कुल 2,07,693 लोगों ने मतदान किया। मालदीव के चुनाव आयोग के मुताबिक इस बार कुल 72.96 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें 1,04,826 पुरुष और 1,02,867 महिलाएं शामिल हैं। इससे पहले 2009 में 78.15, 2014 में 78.80 और 2019 में 81.80 फीसदी लोगों ने मतदान किया था।
मालदीव के चुनाव में मुइज्जू की पार्टी की जीत को भारत के लिए झटका माना जा रहा है। मुइज्जू चीन के समर्थन में लगातार बयान देते रहे हैं। राष्ट्रपति मुइज्जू को पिछले सितंबर में पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन के प्रॉक्सी के रूप में चुना गया था।