मालदीव से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, कहा गया है कि राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू पर काला जादू किया गया। आरोप भी वहां की मंत्री फातिमाथ पर लगा है जो पर्यावरण विभाग देखती हैं। अभी तक पुलिस ने इस मामले में ज्यादा खुलकर कुछ नहीं बताया है लेकिन फातिमाथ को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा दो और लोगों को अरेस्ट किया गया है।

आखिर क्या आरोप लगे हैं?

हैरानी की बात यह है कि मंत्री फातिमाथ के घर से कुछ ऐसी संदिग्ध चीजें मिली हैं जिनका इस्तेमाल काला जादू करने में किया जाता है। इसी वजह से पुलिस को सभी आरोपियों की सात दिन की हिरासत मिल गई है और अब सवाल-जवाब किए जाएंगे। मालदीव के गलियारों में ऐसी चर्चा चल रही है कि फातिमाथ राष्ट्रपति मुइज्जू को अपने वश में करना चाहती थी।

अब समझने वाली बात यह है कि मालदीव में काला जादू करना कोई अपराध की श्रेणी में नहीं आता है, यह जरूर है कि इस्लामिक नियमों के तहत छह महीने की सजा हो सकती है। इससे पहले भी संदिग्ध काला जादू के कुछ मामले मालदीव में सामने आए हैं, लेकिन ज्यादातर केसों में कुछ साबित नहीं हो पाया।

क्या पहले भी सामने आए ऐसे मामले?

साल 2023 में एक मामला आया था जिसमें 62 वर्षीय महिला को उसी के तीन पड़ोसियों ने चाकू घोपकर मार डाला। ऐसा कहा गया कि महिला द्वारा उन सभी लोगों पर काला जादू किया जा रहा था। यह अलग बात है कि जांच के बाद पुलिस का कहना रहा कि उन्हें काला जादू के कोई सबूत नहीं मिले। लेकिन इस बार बात क्योंकि राष्ट्रपति मुइज्जू की आ गई है, इसी वजह से पुलिस ने भी तुरंत गिरफ्तार की। अभी तक मंत्री फातिमाथ ने इन आरोपों पर कोई सफाई पेश नहीं की है।

वैसे इस मामले में उनका शामिल होना इसलिए हैरान करता है क्योंकि वे राष्ट्रपति मुइज्जू के भरोसेमंद मानी जाती है। जब पूरे कैबिनेट ने मालदीव में इस्तीफा दिया था, तब फातिमाथ ने भी रिजाइन कर दिया था।