मलेशियाई विमान एमएच 370 की गुत्थी बुधवार को सुलझ गई। विशेषज्ञों ने हिंद महासागर के रीयूनियन द्वीप पर मिले मलबे के मलेशियाई विमान के होने की पुष्टि कर दी है। मलेशिया के प्रधानमंत्री नजीब रज्जाक ने भारतीय समयानुसार बुधवार देर रात एक प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी दी।

रज्जाक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की टीम ने रीयूनियन द्वीप पर मिले मलबे के एमएच370 का होने की पुष्टि की है। विशेषज्ञों ने द्वीप पर मिले विमान के डैनों की पड़ताल के बाद यह पुष्टि की है। मलेशियाई विमान 8 मार्च 2014 को कुआलालंपुर से बीजिंग जाते समय लापता हो गया था।

पिछले 17 महीने से अंतरराष्ट्रीय खोजी दल इस विमान की तलाश कर रहा था, जो अब पूरी होती नजर आ रही है। विमान में यात्रियों और चालक दल के सदस्यों समेत 239 लोग सवार थे।

इससे पहले, बीते सप्ताह हिंद महासागर के रीयूनियन द्वीप पर मलबा देखे जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की टीम ने वहां पहुंचकर द्वीप के तट पर बहकर आए मलबे को पड़ताल के लिए फ्रांस की लैब में भेजा गया।

फ्रांस के बाल्मा सैन्य ठिकाने पर मलबे की जांच की गई। समझा जा रहा है कि विमान दक्षिण हिंद महासागर में दुर्घटनाग्रस्त हुआ होगा और उसका मलबा 3700 किलोमीटर दूर पानी के तेज बहाव में बहकर रीयूनियन द्वीप पहुंचा होगा।