मध्य लंदन में एक शख्स ने चाकू से एक महिला की हत्या कर दी और पांच लोगों को घायल कर दिया। पुलिस के मुताबिक बुधवार रात रसेल स्क्वायर में एक व्यक्ति को ‘चाकू लहराते’ और ‘लाेगों को घायल’ करते देखा गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जब अधिकारी मौके पर पहुंचे तो उन्हें एक महिला समेत छह लोग घायल मिले। खून बह जाने की वजह से महिला की मौत हो गई। बाकी लोगों की स्थिति के बारे में अभी तक पुलिस की तरफ से कोई बयान नहीं आया है, न ही पुलिस ने उनके नामों का खुलासा किया है। घटनास्थल पर भारी पुलिसबल तैनात कर दिया गया है और फोरेंसिक टीम सबूत जुटा रही है।
डेली मेल ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि संदिग्ध चाकू के साथ ‘जैसे पागल हो गया था।’ थ्री स्टार इम्पीरियल होटल के सामने रात 10.40 बजे संदिग्ध पर टेजर से फायर कर हिरासत में ले लिया गया। स्कॉटलैंड यार्ड ने पुष्टि की है कि घटना को एक आतंकी अपराध के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया, ” पुलिस को 10.33 बजे कॉल कर बताया गया था कि रसेल स्क्वायर में एक व्यक्ति को चाकू के जरिए लोगों को घायल करते देखा गया है। अफसरों ने लंदन एम्बुलेंस सर्विस के साथ घटनास्थल का दौरा किया। मौकेे पर छह लोग घायल मिले। एक महिला का मौके पर ही इलाज चल रहा था, मगर कुछ देर बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। हम बाकी लोगों की हालत पर किसी अपडेट का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने यह भी कहा कि आरोपी को घटना के छह मिनट बाद अरेस्ट कर लिया गया।
READ ALSO: जांच में फर्जी निकली महिला टीचर के साथ बलात्कार की कहानी, पुलिस ने प्रेमी को गिरफ्तार किया
यह घटना उसी जगह हुई है कि जहां 2005 में एक बम धमाका हुआ था। कुछ ही घंटों पहले लंदन में हथियारबंद अफसरोंं की संख्या बढ़ाई गई थी। मौके पर अतिरिक्त पुलिस यूनिट तैनात की गई हैं।

