व्हाइट हाउस में बच्चों के लिए आयोजित वार्षिक रात्रिभोज में भारतीय मूल के दो अमेरिकी बच्चे शामिल हुए। अमेरिका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा ने बच्चों में स्वस्थ भोजन की आदत को बढ़ावा देने के के लिए इस पहल की शुरुआत की थी। व्हाइट हाउस के रात्रिभोजन में इंडियाना से 8 वर्षीय शक्ति रामचंद्रन और टेक्सास से 10 वर्षीय प्रिया पटेल को व्यंजन प्रतियोगिता में जीतने के बाद आमंत्रित किया गया था।

मिशेल ने एक व्यंजन प्रतियोगिता में जीतने के बाद आमंत्रित किए गए बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, ‘2012 से लेकर अब तक, हम व्हाइट हाउस में बच्चों के लिए पांच बार रात्रिभोज का आयोजन कर चुके हैं। कुल मिलाकर, हमने 6,000 से अधिक व्यंजनों की समीक्षा की है। हमने 270 से अधिक बच्चों और उनके परिवारों का स्वागत किया है। हमने कई स्वादिष्ट व्यंजनों के स्वाद का आनंद लिया है।’

उन्होंने कहा, ‘यह कार्यक्रम सिर्फ आज अच्छा भोजन करने को लेकर नहीं है।’ उन्होंने कहा, ‘यह बच्चों द्वारा जीवन भर स्वस्थ भोजन करने को लेकर है क्योंकि स्वस्थ भोजन करने से स्कूल में आपका प्रदर्शन अच्छा हो सकता है।’