बंदूकधारियों ने जॉर्डन की पुलिस पर सिलसिलेवार ढंग से हमले बोलकर सात अधिकारियों, दो स्थानीय नागरिकों और एक कनाडाई महिला की हत्या कर दी। इनमें से एक हमला पर्यटकों के बीच लोकप्रिय क्रूसेडर कैसल पर भी किया गया। कई सशस्त्र लोगों ने रविवार (18 दिसंबर) खुद को कई घंटों तक कैसल के अंदर बंद कर लिया था। कैसल को विशेष बल के सैनिकों ने बाहर से घेरा हुआ था। दिन के समय हुई इस हिंसा में दो विदेशी नागरिकों समेत कम से कम 34 लोग घायल हो गए। इस हमले को जॉर्डन पर हाल के समय में हुए घातक हमलों में से एक माना जा रहा है।
पहली गोलीबारी की खबरें आने के कई घंटे बाद रविवार देर रात सुरक्षा अधिकारियों ने घोषणा की कि अभियान खत्म हो चुका है और चार बंदूकधारी मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि सैनिक इलाके में तलाश जारी रखे हुए हैं। अधिकारियों ने कहा कि बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं। उन्होंने स्थानीय मीडिया की उन खबरों का हवाला नहीं दिया, जिनमें कहा गया था कि हमलावरों ने एक स्थान पर लोगों को बंदी बनाया था। एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि हमलावरों ने कैसल पहुंचते ही पर्यटकों को निशाना बनाया था।