जापान में प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के भाषण के दौरान धमाका हुआ। खबरों के मुताबिक घटनास्थल पर विस्फोट की आवाज सुनाई देने के बाद शनिवार को प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा को वाकायामा से निकाला गया। जापानी समाचार सेवा जिजी ने कहा कि शनिवार (15 अप्रैल) को वाकायामा शहर में भाषण के दौरान प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के पास एक पाइप जैसी वस्तु फेंकी गई थी। हालांकि, जापानी अधिकारियों के अनुसार पीएम किशिदा इस घटना में सुरक्षित बच गए।

पीएम किशिदा को घटनास्थल से सुरक्षित निकाला गया

जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा पर स्मोक बम से हमला हुआ है। जानकारी के अनुसार, वह एक सभा में भाषण दे रहे थे। समाचार फ़ुटेज में अधिकारियों को एक व्यक्ति को पकड़ते और हटाते हुए दिखाया गया है। पुलिस ने मौके से एक शख्स को गिरफ्तार किया है। लोगों को भी उस एरिया से हटाकर इलाके को खाली करा दिया गया। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने या जानमाल के किसी नुकसान की कोई खबर नहीं है। जापानी मीडिया के मुताबिक पीएम फुमियो किशिदा को घटनास्थल से सुरक्षित निकाल लिया गया है। इससे पहले जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे की भी भाषण देते समय हत्या कर दी गई थी।

द जापान टाइम्स के मुताबिक, वाकायामा शहर में प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के भाषण शुरू करने से ठीक पहले ब्लास्ट हुआ था। स्मोक बम फेंके जाने के बाद आसपास चारों तरफ धुआं-धुआं हो गया था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे घटना के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि घटनास्थल पर जमा हुए लोग सुरक्षित बचने के लिए दौड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर भी 8 जुलाई 2022 को ऐसा ही हमला किया गया था, जिसमें उनकी मौत हो गई थी। उस दौरान शिंजों एक सहयोगी के प्रचार में भाषण दे रहे थे। हालांकि, घटना के तुरंत बाद बंदूक लिए 41 साल के एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया था। हमलावर इस बात से परेशान था कि उसकी मां एक धार्मिक समूह को दान देने के बाद दिवालिया हो गई थी, जिससे शिंजो आबे का संबंध था। इस बात से तंग आकर उसने प्रधानमंत्री की हत्या करने का प्लान बनाया था।