जापान में आए तूफान ‘हगिबिस’ ने भारी तबाही मचायी है। इस विनाशकारी तूफान में अभी तक 19 लोगों की मौत और 16 अन्य लोगों के लापता होने की खबर है। वहीं जापान के कई इलाकों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। जापान का न्यूज एजेंसी क्योडो ने यह जानकारी दी है। वहीं कई अन्य रिपोर्ट्स में करीब 100 लोगों के घायल होने की भी जानकारी दी गई है। वहीं जापानी सरकार ने बचाव और राहत कार्य के लिए बड़ी संख्या में बचाव टीमों को तैनात किया है। वहीं लोगों को बचाने के लिए हेलीकॉप्टर और नौकाओं को प्रभावित इलाकों में भेजा गया है।
रविवार को जापान की राजधानी टोक्यो समेत देश के अन्य हिस्सों में भयंकर तूफान व भारी बारिश की वजह से आयी बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने के लिए बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया है। बता दें कि शक्तिशाली तूफान हगिबीस ने शनिवार को जापान में दस्तक दे दी। तूफान के आने के बाद देश के बड़े हिस्से में ‘बेतहाशा’ बारिश हुई, जिससे बाढ़ आ गई और भूस्खलन की कई घटनाएं हुईं। तूफान टोक्यो को अपनी चपेट में लेने के बाद उत्तर की ओर बढ़ गया।
उल्लेखनीय है कि हगिबिस का अर्थ है ‘‘गति’’। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भूस्खलन का खतरा अभी भी बना हुआ है। टोक्यो क्षेत्र में ट्रेन सेवाएं, जिनमें से अधिकांश रुकी हुई थीं, सुबह से फिर से शुरू हो गई, हालांकि अन्य की सुरक्षा जांच चल रही थी और उनके दिन में बाद में शुरू होने की उम्मीद है।
सरकारी आदेशों के तहत लगभग 17,000 पुलिस कर्मी और सैनिक बचाव कार्यों के लिए तैयार हैं। तटीय शहरों में निकासी केंद्र स्थापित किए गए हैं, और हजारों लोगों को प्रभावित क्षेत्रों से निकाला गया।