व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को एक बार फिर रूस के राष्ट्रपति के रूप में शपथ ले ली है। पुतिन का राष्ट्रपति के रूप में यह चौथा कार्यकाल है। उन्होंने मार्च में हुए चुनावों में जीत हासिल की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्लादिमीर पुतिन (65) ने ग्रैंड क्रेमलिन पैलेस के सेंट एंड्रयू हॉल में राष्ट्रपति पद की शपथ ली। पुतिन 18 सालों से राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री रहे हैं। पुतिन ने आधिकारिक रूप से पदभार संभालने के बाद कहा, “मेरा मानना है कि समृद्ध रूस में शांति मेरे जीवन का अर्थ व कर्तव्य है।”

चौथी बार रूस की सत्ता संभालने वाले पुतिन की तुलना अक्सर अमेरिका के राष्ट्रपतियों से की जाती रही है। रूस और अमेरिका दोनों ही देश परमाणु संपन्न हैं और अतीत में दोनों एक-दूसरे के धुर विरोधी भी रह चुके हैं, लेकिन अगर बात इन दोनों देशों के राष्ट्रपतियों की दौलत की करें तो यहां रूस के राष्ट्रपति रईस नजर आते हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के पास कितनी दौलत है, इसके सिर्फ कयास ही लगते रहे हैं। डेली मेल की एक रिपोर्ट के मुताबिक पुतिन के पास 200 बिलियन डॉलर की अनुमानित संपत्ति हो सकती है। अगर इस पर यकीन करें तो इसका मतलब है कि रूस के राष्ट्रपति दुनिया के सबसे अमीर शख्स हैं। फोर्ब्स के मुताबिक माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स के पास 75 बिलियन डॉलर की संपत्ति है और इस तरह पुतिन बिल गेट्स के भी कहीं ज्यादा रईस हैं।

प्रॉपर्टी ही प्रॉपर्टी: रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की संपत्ति 3.7 बिलियन डॉलर आंकी गई थी। ट्रंप ने अपने रियल एस्टेट के बिजनेस से दौलत कमाई है तो पुतिन ने प्राकृतिक गैस और तेल में निवेश से। ट्रंप ने चुनावी कैंपेन के दौरान अपनी संपत्ति 10 बिलियन डॉलर बताई थी, लेकिन ब्लूमबर्ग के मुताबिक उनकी संपत्ति सिर्फ 2.9 बिलियन डॉलर ही है। ब्लूमबर्ग ने पाया कि ट्रंप पर 2015 में कर्जा 350 करोड़ था जो 2016 में बढ़कर 630 मिलियन डॉलर हो गया।

ट्रंप की संस्था के पास अकेले न्यू यॉर्क में 10 और पूरे अमेरिका में दर्जन भर प्रॉपर्टीज हैं। जब वह राष्ट्रपति बने तो उन्हें अपना 1 मिलियन डॉलर का पर्सनल जेट छोड़ना पड़ा था। लेकिन उनके पास अब भी कई जगह प्रॉपर्टीज हैं। फोर्ब्स के मुताबिक ट्रंप प्रॉडक्ट लाइसेंस में उनकी संपत्ति है और कुल 230 मिलियन डॉलर का कैश उनके पास है।

एक तरफ जहां अमेरिकी राष्ट्रपति की सैलरी हर साल समान रहती है, वहीं रूस के राष्ट्रपति की सैलरी बढ़ती जाती है। 2013 में पुतिन की सैलरी 1,15000 डॉलर सालाना थी। जबकि उनकी संपत्ति के बारे में कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं है। कहा जाता है कि रियल एस्टेट और कई कंपनियों में उनकी निजी संपत्ति है। साल 2007 में एक राजनीतिक विशेषज्ञ स्तान्सलोव बेलकोवस्काई ने उनकी संपत्ति 40 बिलियन डॉलर आंकी थी। लेकिन लेखक और रूस के पूर्व फंड मैनेजर ने कहा था कि उनकी संपत्ति 200 बिलियन डॉलर से भी ज्यादा है।

बेलकोवस्काई के मुताबिक एक तेल कंपनी की 37 प्रतिशत और प्राकृतिक गैस कंपनी की 4.5 प्रतिशत हिस्सेदारी पुतिन के पास है। बता दें कि पुतिन के पास काला सागर के पास एक पैलेस है, जिसकी कीमत 1 बिलियन डॉलर है। पुतिन के एक विरोधी द्वारा लिखे गए डोजियर में कहा गया था कि उनके पास देश के 58 विमान और हेलिकॉप्टर, 5 लाख घड़ियों का कलेक्शन और 20 पैलेस हैं। इस रिपोर्ट में कहा गया था कि उनके पास एक प्राइवेट जेट है जिसकी कीमत 137 मिलियन डॉलर है, जिसके बाथरूम में गोल्ड फिनिशिंग है।