Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया के बाली में मंगलवार सुबह भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। समाचार एजेंसी एएनआई ने यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (EMSC) के हवाले से जानकारी देते हुए रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 7.0 बताई। भूकंप का केंद्र इंडोनेशिया के मातरम से 201 किलोमीटर उत्तर में धरती की सतह से 518 किलोमीटर नीचे था।
वहीं अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (UGS) ने भूकंप की तीव्रता 7.1 बताई है। इंडोनेशियाई भूवैज्ञानिक एजेंसी के अनुसार बाली और लोम्बोक के तटीय इलाकों में सुबह 4 बजे से ठीक पहले भूकंप महसूस किए गए। जानकारी के मुताबिक इंडोनेशिया में भूकंप के शुरुआत में दो झटके भी महसूस किए गए। हालांकि इनकी तीव्रता 6.1 और 6.5 आंकी गई।
स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक भूकंप का केंद्र पश्चिम नुसा तेंगारा, बंगसल के पास 525 किमी की गहराई पर बताया गया। समुद्र के गहराई में भूकंप के आने के बाद भी फिलहाल सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
बता दें कि इंडोनेशिया को भूकंप के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है। पिछले 100 सालों में ही यहां 130 से अधिक भूकंप 7 से ज्यादा तीव्रता के महसूस किए गए हैं। इससे पहले 2005 में 28 मार्च को इंडोनेशिया में 8.6 तीव्रता का भूकंप आया था। इसमें 1300 से अधिक लोगों की मौत की खबर सामने आई थी।