आयरलैंड इन दिनों सुर्खियों में है। दरअसल वहां पर एक त्योहार चल रहा है जिसके बारे में जानकर आप हैरान भी होंगे और आपको भरपूर एंटरटेनमेंट भी मिलेगा। वैसे एंटरटेनमेंट से याद आया, अक्षय कुमार की फिल्म ‘एंटरटेनमेंट’ तो आपने देखी होगी? अरे वही फिल्म जनाब! जिसमें ‘एंटरटेनमेंट’ नाम का एक कुत्ता, करोड़ो की जायदाद का वारिस बन जाता है। अब आप सोचेंगे यहां उस फिल्म का जिक्र क्यों हो रहा है? तो मामला यह है कि आयरलैंड के जिस त्योहार की बात हम करने जा रहे हैं, वह उस फिल्म के हालातों से थोड़ा बहुत मिलता-जुलता है। त्योहार का नाम है पक फेयर (Puck Fair)।
यह आयरलैंड के सबसे पुराने और अहम त्योहारों में से एक है लेकिन इसे मनाने के तरीके के बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे। इस त्योहार में एक “बकरे” को पूरे गांव का “राजा” (King Puck) बना दिया जाता है। जी हां, आपने एक दम सही पढ़ा। “बकरा” एक गांव का “राजा” बन जाता है। हैं न काफी कुछ फिल्म एंटरटेनमेंट जैसा! उसमें कुत्ते के नाम जायदाद होती है, यहां बकरा राजा बनाया जा रहा है! बहरहाल, आइए इस त्योहार के बारे में और जानते हैं। पक फेयर के दौरान एक मेला लगता है। इस त्योहार के मौके पर स्थानीय लोग, पहाड़ी इलाके से एक जंगली बकरा पकड़ कर लाते हैं और उसे कुछ दिनों के लिए गांव/शहर का राजा बना देते हैं।
(Source: YouTube/Sally MacMonagle)
यह त्योहार मुख्य रूप से आयरलैंड के किल्लोरग्लिन (Killorglin) शहर में मनाया जाता है। त्योहार में बकरे को राजा बनाकर एक झांकी निकाली जाती है। त्योहार मनाने या मेले की मुख्य तारीख 10, 11 और 12 अगस्त होती हैं। रॉयटर्स की खबर के मुताबिक, गुरुवार (10 अगस्त) को बकरे की ताजपोशी कर Killorglin शहर में उसकी झांकी निकाली गई। वहीं ताजपोशी एक स्थानीय लड़की करती है जिसे त्योहार के दौरान रानी (Queen of Puck) बनाया जाता है। त्योहार के दौरान नाच-गाना, स्ट्रीट परफॉरमेंसिस और घोड़े का मेला भी लगता है। खबर के मुताबिक 12 अगस्त तक 100,000 से ज्यादा लोगों के इस मेले में शामिल होने का अनुमान है।
(Source: YouTube/Killorglin Archives)
(Source: YouTube/KnockanureLocal)

