सर्जरी दुनिया के इतिहास में पहली बार किसी इंजान को सूअर का दिल लगाया गया है। बता दें कि अमेरिका में मैरीलैंड के रहने वाले 57 वर्षीय एक शख्स की सर्जरी करके जेनेटिक बदलाव के साथ सुअर का दिल लगाया गया है। शख्स की जान बचाने के लिए डॉक्टरों ने यह अंतिम प्रयास किया था, जोकि सफल रहा। सर्जरी के बाद अस्पताल ने सोमवार को कहा कि वह इस प्रयोगात्मक सर्जरी के तीन दिन बाद बेहतर है।

सामने आई जानकारी के मुताबिक जिसकी सर्जरी की गई उसका नाम डेविड बेनेट है। और वे हृदय रोग से ग्रसित थे। यूनिवर्सिटी ऑफ मैरीलैंड मेडिकल सेंटर के डॉक्टरों का कहना है कि प्रत्यारोपण से पता चला है कि आनुवंशिक रूप से संशोधित जानवर का दिल मानव शरीर में भी कार्य कर सकता है।

अंतिम प्रयास के तौर पर हुई सर्जरी: हालांकि इस प्रत्यारोपण को लेकर 57 वर्षीय डेविड को जानकारी थी कि इस बात कोई गारंटी नहीं थी कि किसी जानवर का दिल उनके शरीर में काम करेगा या नहीं। इसमें उनकी जान भी जा सकती थी। मानव हृदय प्रत्यारोपण के लिए अयोग्य होने से सुअर का दिल लगाने के अलावा कोई और रास्ता नहीं था। इसे अंतिम प्रयास के तौर पर किया गया था।

मैरीलैंड स्कूल ऑफ मेडिसिन विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान किए गए एक बयान के मुताबिक बेनेट ने सर्जरी से एक दिन पहले कहा था कि “मैं जीना चाहता हूं। मुझे पता है कि इसमें सफलता की गारंटी नहीं है। लेकिन यह मेरे लिए यह आखिरी विकल्प है।

बता दें कि सर्जरी के बाद अब डॉक्टर बेनेट की कई दिनों से निगरानी कर रहे हैं। वो पता लगा रहे हैं कि ट्रांसप्लांट सफल है या नहीं। बेनेट के इम्यून सिस्टम से जुड़ी समस्याएं और अन्य जटिलताओं की निगरानी की जाएगी।

गौरतलब है कि सर्जरी से पहले उस सुअर से तीन ऐसे जीन बाहर निकाल गए थे, जिनकी वजह से मानव प्रतिरक्षा प्रणाली सुअर के अंगों को स्वीकार नहीं करती है। वहीं सुअर के दिल के टिशू की ग्रोथ रोकने के लिए भी एक जीन को निकाला गया। इसके अलावा उसमें छह जीन डाले गए थे।