Hajj Yatra 2024: भीषण गर्मी केवल भारत के हिस्सों में ही नहीं पड़ रही है बल्कि दुनिया के दूसरे देशों में भी इसका कहर देखने को मिल रहा है। हज की यात्रा पर सऊदी अरब आए 19 लोगों की लू लगने की वजह से मौत हो गई है और 17 अन्य लोग लापता हो गए हैं। यह सभी जॉर्डन के हैं। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि वह सऊदी अरब में मृतकों को दफनाने या शव को जॉर्डन भेजने के लिए सऊदी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क कर रहा है।
इसके अलावा ईरानी रेड क्रिसेंट ने भी पांच ईरानी तीर्थ यात्रियों की मौत की पुष्टि की है। हालांकि, यह नहीं बताया कि उनकी मौतें कैसे हुईं है। सऊदी अरब के अधिकारियों की तरफ से अभी तक मौतों के बारे में कोई भी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पवित्र शहर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है और सोमवार यानी आज यह तापमान 47 डिग्री के आसपास पहुंचने का अनुमान है।
18 लाख से ज्यादा लोग हज की यात्रा पर पहुंचे
सऊदी अरब में इस समय भीषण गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है। इस गर्मी के बीच भी दुनिया भर से करीब 18 लाख से ज्यादा हज यात्री हज के लिए मक्का पहुंचे हैं। सऊदी के अधिकारियों ने संभावना जताई थी कि इस साल यह संख्या 20 लाख से पार पहुंच जाएगी। कोरोना महामारी की वजह से तीन साल तक इस यात्रा पर पाबंदी लगा दी गई थी। इसके बाद अब बड़ी संख्या में लोग शामिल होने के लिए पहुंचे हैं।
पिछले साल 18 लाख से ज्यादा लोगों ने हज की यात्रा की थी। वहीं, साल 2019 में सबसे ज्यादा 24 लाख लोग हज की यात्रा के लिए आए थे। सऊदी अरब स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद अल-अब्दुलाली ने बताया कि अकेले रविवार को हीट स्ट्रेस और सनस्ट्रोक के 2,760 मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा अभी और ऊपर जा सकता है। उन्होंने हज यात्रा करने वाले लोगों से अपील की है कि ज्यादा धूप में जाने से बचे और पानी पीते रहें। उन्होंने आगे कहा कि गर्मी हमारे लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है।
पिछले साल 240 लोगों की जान गई
पिछले साल लगभग 18 लाख से ज्यादा मुसलमान हज के लिए सऊदी अरब पहुंचे थे। इस दौरान करीब 240 लोगों की जान चली गई थी। इनमें से ज्यादातर इंडोनेशिया के थे। हालांकि, उनकी मौत कैसे हुई थी, इसके पीछे की वजह क्लियर नहीं की गई थी। सऊदी अधिकारी के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले साल गर्मी से होने वाली बीमारियों के 10,000 मामले सामने आए थे जिसमें से 10 फीसदी हीटस्ट्रोक के मामले थे।