दक्षिण जर्मनी में एक व्यक्ति ने चार लोगों को ट्रेन में कुल्हाड़ी मार कर घायल कर दिया। वुर्जबर्ग पुलिस के मुताबिक इनमें से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जबकि एक को आंशिक चोटें आई हैं। शुरुआती खबरों में कहा गया था कि 20 से भी ज्यादा लोग घायल हुए हैं लेकिन बाद में आंकड़े साफ हुए। सीएनएन से मिल रही जानकारी के मुताबिक हमलावर को पुलिस ने मार गिराया है। चाकू और कुल्हाड़ी से लैस इस हमलावर की पहचान 17 साल के अफगानी नागरिक के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि वह ऑशेनफर्ट, बावरिया का नागरिक है। पुलिस ने हमलावर को ग्राउंड सर्चर्स और एक हेलीकॉप्टर की मदद से मार गिराया। पुलिस ने बताया कि हमलावार को उस वक्त मार गिराया गया जब वह घटनास्थल से भागने का प्रयास कर रहा था। हमले की वजह अभी तक साफ नहीं है।