फ्रांस सरकार में महिला मंत्री मार्लीन शियाप्पा इन दिनों अपनी ही पार्टी सदस्यों की आलोचना का सामना कर रही हैं। उन्होंने बोल्ड फोटोज के लिए कुख्यात प्लेबॉय मैगजीन के कवर पेज के लिए पोज दिया था, जिसे लेकर पार्टी सदस्यों ने उन पर हमला करना शुरू कर दिया है। इतना ही नहीं फ्रांस की प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बोर्न ने भी इस पर आपत्ति जताई है और इसे गलत बताया है। वर्तमान में मार्लीन देश में सामाजिक अर्थव्यवस्था और फ्रांसीसी संघों की मंत्री हैं।

मैगजीन पर फोटो को लेकर मंत्री की बड़े स्तर पर हो रही आलोचना

शियाप्पा ने मैगजीन को महिलाओं और एलजीबीटी अधिकारों को लेकर इंटरव्यू दिया था। शियाप्पा मैगजीन के कवर फोटो में सफेद ड्रेस पहने हुए नजर आ रही हैं। अब मैगजीन पर उनका फोटो सामने आने के बाद मार्लीन को बड़े स्तर पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। फ्रांस की प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बोर्न ने कहा कि यह अनुचित था, खासतौर पर तब जब देश ऐसे हालातों से गुजर रहा है। फ्रांस इस समय राजनीतिक और सामाजिक संकट से गुजर रहा है। पेंशन कानून सुधार को लेकर राष्ट्रपति इमेनुएल मैक्रों के कदम के बाद देश में बवाल मचा हुआ है। बड़े स्तर पर देश में विरोध किया जा रहा है।

शियाप्पा ने भी दिया जवाब

वहीं, शियाप्पा ने अपने फैसले का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि फ्रांस में महिलाएं स्वतंत्र हैं और वे कुछ भी कर सकती हैं। मार्लीन ने ट्विटर पर लिखा, “महिलाएं अपने शरीर के साथ जो करना चाहती हैं, कर सकती हैं… और हमें हर जगह, हर समय उनके अधिकार की रक्षा करनी है।” वह लंबे समय से महिलाओं के अधिकारों की वकालत करती रही हैं और साल 2017 में उन्हें फ्रांस में पहली जेंडर इक्वैलिटी मिनिस्टर के तौर पर नियुक्त किया गया था। इस दौरान वह देश में नया यौन उत्पीड़न कानून लेकर आईं, जो सड़क पर महिलाओं का पीछा करने या परेशान करने वाले पुरुषों के खिलाफ तुरंत जुर्माना लगाने की अनुमति देता है। मार्लीन पहले भी कई बार विवादों में रह चुकी हैं।