फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति फ्रेंकोइस मिटरैंड और उनकी प्रेमिका एनी पेंजिआॅट के बीच हुए पत्राचार को फ्रांस सरकार ने प्रकाशित कराने का फैसला लिया है। इस साल मिटरैंड के 100वें जन्मदिवस के अवसर पर फ्रांस सरकार उनके और उनकी प्रेमिका के प्रेमपत्रों को 1200 पेज की किताब के रूप में प्रकाशित कराने का फैसला लिया है। किताब 13 अक्टूबर को रिलीज हो सकती है। इस किताब को मिटरैंड की प्रेमिका एनी पेंजिआॅट ने खुद संपादित किया है। प्रेम पत्रों के इस संकलन का प्रिव्यू पहले ही प्रकाशित हो चुका है। किताब का प्रिव्यू पढ़ने के बाद फ्रांस के लोगों की अपने पूर्व राष्ट्रपति के बारे में प्रतिक्रिया दिलचस्प है।
गौरतलब है कि फ्रेंकोइस मिटरैंड अपने व्यक्तिगत जीवन में काफी शांत रहने वाले राजनेता के रूप में जाने जाते थे। वो काफी कम बोलते थे। फ्रांस के लोग उनके इस स्वभाव के कारण उनको ‘स्फिंगक्स’ यानी रहस्यपूर्ण व्यक्ति कहते थे। मिटरैंड के प्रेम पत्रों के कुछ अंश फ्रांसीसी अखबारों में प्रकाशित हुए हैं और इसको पढ़ने के बाद फ्रांस के लोग विश्वास नहीं कर पा रहे हैं कि उनका शांत और चुप रहने वाला भूतपूर्व राष्ट्रपति इतना जुनूनी और कामोत्तेजक प्रेमपत्र भी लिख सकता था। किताब के लॉन्च होने से पहले ही इसकी मांग काफी देखी जा रही है और फ्रांस में ही नहीं बल्कि इंग्लैंड में भी मिटरैंड और पेंजिआॅट के प्रेम प्रसंग और प्रेमपत्रों पर आधारित इस किताब का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
गौरतलब है कि सोशलिस्ट पार्टी के नेता फ्रेंकोइस मिटरैंड 1981 से लेकर 1995 तक फ्रांस के राष्ट्रपति रहे। यह अभी तक किसी भी फ्रांसिसी राष्ट्रपति का सबसे लंबा कार्यकाल है। मिटरैंड का इतिहासकार एनी पेंजिआॅट के साथ विवाहेतर संबंध थे। एनी पेंजिआॅट उम्र में मिटरैंड से 27 साल छोटी थीं। इन दोनों से एक लड़की भी है जिसका नाम मिजेरीन है। फ्रेंकोइस मिटरैंड का एनी पेंजिआॅट के साथ राष्ट्रपति बनने से पहले से संबंध था। इन दोनों के संबंधों के बारे में फ्रेंकोइस मिटरैंड की मौत के बाद खुलासा हुआ था। मिटरैंड की उनकी पत्नी से भी दो बच्चे हैं। हालांकि, दोनों के संबंधों का खुलासा होने के बाद कोई खास विवाद नहीं हुआ था, लेकिन प्रेमपत्रों के प्रकाशन से पहले ही दोनों के बीच पत्राचार पर आधारित किताब को लेकर काफी चर्चा हो रही है।
Read Also: ओलिवर हार्ट और बेंग्ट हॉमस्ट्रॉम को मिला अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार