France Firing: फ्रांस की राजधानी पेरिस (Paris) में शुक्रवार (23 दिसंबर, 2022) को अंधाधुध फायरिंग हुई है। गोलीबारी में तीन की मौत हो गई है, जबकि कई लोगों के जख्मी होने की खबर है। पेरिस पुलिस ने कहा कि सेंट्रल पेरिस में यह घटना हुई है। पुलिस ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की गुजारिश की है।
शहर के डिप्टी मेयर इमैनुएल ग्रीगोइरे (Paris Deputy Mayor) ने एक ट्वीट में लिखा कि बंदूक से फायरिंग की गई है। सुरक्षा बलों ने मौके-ए-वारदात पर तुरंत कार्रवाई को अंजाम दिया है। उन्होंने इसके लिए सुरक्षा बलों का शुक्रिया अदा किया।
इलाके की एक दुकानदार ने एएफपी (AFP) को बताया कि उसने Rue d’Enghien में सात या आठ गोलियों की आवाज सुनी। उसने कहा कि फायरिंग के आवाज सुनते ही उसने खुद को अंदर बंद कर लिया।
पेरिस के प्रॉसिक्यूटर ने कहा कि 69 वर्षीय एक व्यक्ति को घटनास्थल से गिरफ्तार किया गया था, उन्होंने कहा कि संदिग्ध को अधिकारी जानते थे। उन्होंने कहा कि जांचकर्ता फायरिंग के पीछे एक संभावित नस्लवादी मकसद की जांच कर रहे। वहीं आंतरिक मंत्री जेराल्ड डर्मैनिन ने फ्रांस में हिंसक दूर-दराज़ गुटों के खतरे के बारे में बार-बार चेतावनी दी है।
फीफा फुटबॉल World कप के बाद फ्रांस में हुई थी हिंसा
बता दें, हाल ही में समाप्त हुए फीफा फुटबॉल World कप के बाद फ्रांस में हिंसा देखने को मिली थी। फाइनल में हार के बाद फ्रांस की फुटबॉल टीम के प्रशंसक गुस्से में आ गए थे। जिसके बाद फ्रांस में जगह-जगह विरोध-प्रदर्शन देखने को मिला था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांस के हारने के बाद पेरिस में जमकर हिंसा हुई थी। प्रदर्शनकारियों ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया था।