संयुक्त राष्ट्र के शांति सैनिकों की हैवानियत की खबरें इस बार मध्य अफ्रीकी गणराज्य से आई हैं। इन सैनिकों की तैनाती गृह युद्ध और आतंकवाद जैसी समस्याओं से जूझ रहे दुनिया के अशांत देशों में की जाती है।
संयुक्त राष्ट्र को मध्य अफ्रीकी गणराज्य से शांति सैनिकों द्वारा यौन शोषण के 108 नए मामलों का पता चला है। शांति सैनिकों के अमानवीय अत्याचारों के बारे में अक्सर रिपोर्ट आती रहती हैं, लेकिन ताजा वाकये से संयुक्त राष्ट्र खुद सकते में है। मध्य अफ्रीकी देश में शांतिसैनिकों की हवस के शिकार होने वाले लोगों में अधिकांश बच्चे हैं।
संरा प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने इन आरोपों को शुक्रवार को सकते में डालने वाला बताया। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अमेरिका के एक एडवोकेसी समूह ने गत बुधवार को इस संबंध में रिपोर्ट जारी की थी। इसमें 2013 से शांति सैनिकों द्वारा किए गए अमानवीय अत्याचारों की कहानियां भी दर्ज हैं।
रिपोर्ट के अनुसार मध्य अफ्रीकी गणराज्य की 98 लड़कियों ने 2013 से 2015 के बीच यौन शोषण की रिपोर्ट दर्ज कराई। एक अन्य खबर के मुताबिक कांगो के एक शांति सैनिक ने बुधवार को 16 साल की लड़की के साथ दुष्कर्म किया।