फ्रांस में पुरातत्ववेत्ताओं (आर्कियोलॉजिस्ट) को साढ़े पांच लाख वर्ष पुराना एक दांत मिला है। यह दांत 20 साल के एक आर्कियोलॉजिस्ट वेलेन्टाइन लोसेर ने दक्षिणी पश्चिमी फ्रांस के टोटावेल इलाके में स्थित अरागो नामक गुफाओं से बरामद किया गया है। माना जा रहा है कि यह दांत दुनिया की सबसे प्राचीन मनुष्य प्रजाति का हो सकता है। जिससे इस बात का पता चलता है कि सबसे पुरानी मानव जाति फ्रांस में पायी जाती थी। द गार्जियन ने इस संबंध में एक रिपोर्ट प्रकाशित की है।
साढ़े पांच लाख वर्ष पुराने दांत को ढूंढने वाले आर्कियोलॉजिस्ट का कहना है कि वह गुफा में एक मिट्टी के ढेले को ब्रश से साफ कर रहे थे, तभी उन्हें यह दांत मिला। आर्कियोलॉजिस्ट के अनुसार, जिस जगह पर दांत मिला है, उस जगह पर कई जानवरों के अवशेष भी मिले हैं। दांत मिलने के बाद आर्कियोलॉजिस्ट वेलेन्टाइन लोसेर उसे लेकर एक फिलोन्थ्रोप्लॉजिस्ट के पास पहुंचे, जहां से इस दांत को जांच के लिए लेबोरेट्री भेज दिया गया। वैज्ञानिकों ने इस दांत को अरागो-149 नाम दिया है। गौरतलब है कि जुलाई 2012 में इसी जगह से मानव का निचला जबड़े के अवशेष भी बरामद हुए थे।
रिसर्चरों का मानना है कि इस दांत की जांच से साढ़े पांच लाख वर्ष पहले के समय के बारे में काफी जानकारी मिल सकती है। इस दांत की जांच से यह पता चल सकता है कि मनुष्य साढ़े पांच लाख साल पहले क्या खाता था? बता दें कि जिस जगह यह दांत मिला है, उस अरागो गुफा में सबसे पहले 1964 में खोज शुरु की गई थी। माना जाता है कि फ्रांस की टोटेवल वैली में पाए जाने वाले ‘टोटेवल मैन’ करीब साढ़े चार लाख साल पहले फ्रांस में पाए जाते थे। टोटेवल मैन मनुष्यों की होमो इरेक्टस प्रजाति में गिने जाते हैं। अब साढ़े पांच लाख वर्ष पुराना दांत मिलने से माना जा रहा है कि टोटेवल मैन प्रजाति का इतिहास और भी पुराना हो सकता है। टोटेवल मैन प्रजाति से संबंधित कई अवशेष अभी तक अरागो गुफाओं में पाए जा चुके हैं।
