अफ़ग़ानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिल करज़ई 58 साल की उम्र में चौथे बच्चे के पिता बन गए हैं। शनिवार को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उनकी 46 वर्षीय पत्नी जीनत क़ुरैशी करज़ई ने उनकी तीसरी बेटी को जन्म दिया। भारत में अफ़ग़ानिस्तान के राजदूत शायदा मोहम्मद अब्दाली की तरफ जारी बयान के अनुसार, “शनिवार को लंदन जाने से पहले करज़ई  अपनी पत्नी और बच्चे को देखने के लिए अस्पताल गए थे।” करज़ई और जीनत की शादी के आठ साल बाद उनका पहला बेटा मीरवाइस 2007 में हुआ था। 2012 में करज़ई दंपति को पहली बेटी मलालई हुई। उसके बाद 2014 में उन्हें फिर एक बेटी होवसी हुई।

करज़ई करीब 10 साल (2001-2010) तक अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति रहे थे। करज़ई के पहले दोनों बच्चे अफ़ग़ानिस्तान में ही हुए थे। दोनों के जन्म के समय जीनत करज़ई को कुछ ‘चिकित्सकीय दिक्कत’ का सामना करना पड़ा था जिसके बाद उन्हें भारत में विशेष देखभाल के लिए आना पड़ा था। करज़ई की तीसरी बेटी का भी जन्म भारत में ही हुआ था।

साल 2013 में बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में जीनत ने कहा था कि करज़ई को परिवार से बहुत प्यार है लेकिन वो राजनीतिक कारणों से उन्हें ज्यादा समय नहीं दे पाते। जीनत ने कहा था, “कभी-कभी आम तौर पर शुक्रवार को वो एकाध घंटे के लिए खाली होते हैं तो बच्चों और मेरे साथ टहलने जाते हैं। हम कभी-कभार साथ बाहर भी जाते हैं।”

इंटरव्यू में अफ़ग़ान समाज में लड़कियों को लड़कों से कम तरजीह दिए जाने पर जीनत ने कहा था कि वो दोनों लड़के और लड़की में कोई अंतर नहीं समझते। जीनत ने लड़कियों को “अल्लाह का दिया तोहफा बताय था।”