नाइजीरिया से वाशिंगटन जा रही यूनाइटेड एयरलाइंस की एक फ्लाइट में तकनीकी समस्या आ गई। इसके बाद फ्लाइट की लागोस के मुर्तला मुहम्मद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई। यह फ्लाइट बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर थी जो वाशिंगटन के Dulles International Airport के लिए रवाना हुई थी। इसमें 245 यात्री और 8 फ्लाइट अटेंडेंट और तीन पायलट सवार थे।

विमान के अंदर मची अफरा-तफरी

घटना के बाद का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर सामने आया, जिसमें विमान के अंदर अफरा-तफरी दिखाई दे रही थी। विमान के गलियारे में लगेज और खाने का सामान बिखरा हुआ था। ये वीडियो फ्लाइट UA613 की इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान मची तबाही को दर्शाता है।

यात्रियों ने लैंडिंग से पहले के भयावह क्षणों को याद किया। एक यात्री ने कहा, “हमें पहले ही खाना परोसा जा चुका था जब विमान का दबाव कम हो गया और वह नीचे गिर गया। हमने एक तेज गिरावट देखी। टक्कर के कारण मेरा सिर छत से टकरा गया। तेज गिरावट तीन बार हुई, जिससे कुछ लोगों को चोटें आईं।”

अमेरिका में अवैध प्रवासियों की समस्या कितनी बड़ी है? क्यों ट्रंप लगातार भेज रहे सेना

नाइजीरिया के संघीय हवाई अड्डा प्राधिकरण (FAAN) ने एक आधिकारिक बयान में घटना की पुष्टि की। बयान में कहा गया, “विमान में 245 यात्री और 11 चालक दल के सदस्य सवार थे। सभी लोग सुरक्षित उतर गए, लेकिन चार यात्री और दो चालक दल के सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि 27 यात्री और पांच चालक दल के सदस्य मामूली रूप से घायल हो गए। FAAN बचाव दल तुरंत एक्टिव हुआ और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई।”

6 यात्री हुए घायल

बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर सुरक्षित रूप से मुर्तला मुहम्मद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा, जहां आपातकालीन सेवाए तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए तैयार थीं। गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जबकि अन्य यात्रियों को हवाई अड्डे पर देखभाल और सहायता प्रदान की गई। यूकेएनआईपी ने बताया कि अधिकारियों ने तकनीकी समस्या की जांच शुरू कर दी है, जिसके कारण विमान तेजी से नीचे उतरा और केबिन में दबाव कम हुआ। हालांकि स्पष्ट समस्या अभी तक सामने नहीं आई है। यूनाइटेड एयरलाइंस ने घटना के कारण का पता लगाने और प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ अपने सहयोग की पुष्टि की है।