Earthquake in Taiwan: ताइवान की राजधानी ताइपे में बुधवार की सुबह एक शक्तिशाली भूकंप आया है। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.2 मापी गई है। जापान ने दक्षिणी द्वीप समूह ओकिनावा के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। यहां उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। फिलीपींस ने भी सुनामी का अलर्ट जारी किया है। साथ ही, तटीय इलाकों को खाली करने का आदेश दिया गया है।
भूकंप के कारण ताइवान के हुआलिन में कई बिल्डिंग ध्वस्त हो गई हैं। कई घर और इमारतें ताश के पत्तों की तरह ढेर हो गईं। भूकंप की वजह से ताइवान में भारी तबाही हुई है। इसके बाद देशभर में ट्रेन सेवाएं सस्पेंड कर दी गई हैं। इसकी वजह से बिजली की सप्लाई भी बाधित हो गई है। ताइवान में इसे 25 साल में सबसे शक्तिशाली भूकंप बताया जा रहा है।
इमारतों में कई लोग फंसे
भूकंप के केंद्र के करीब ताइवान के पूर्वी तट पर स्थित हुलिएन शहर में नुकसान की जानकारी सामने आई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक, भूकंप का केंद्र हुलिएन शहर से लगभग 18 किमी दक्षिण में स्थित है। भूकंप की वजह से कई लोग इमारतों और अपने घरों में फंस गए हैं। प्रशासन द्वारा इन लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। वहीं, लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए भी प्रशासन ने कहा है।
जापान ने भी जारी किया अलर्ट
इतना ही नहीं ताइवान के पड़ोसी देश जापान में भी भूकंप के शक्तिशाली झटके महसूस किए गए हैं। जापान ने भी सुनामी के लिए चेतावनी जारी कर दी है। जापान की मेट्रोलॉजिकल एजेंसी ने 3 मीटर (10 फीट) ऊंचाई वाली सुनामी की लहरों के आने का अलर्ट जारी किया है। जोरदार भूकंप के बाद जापान किसी भी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहता है। सुनामी का अलर्ट जारी होने के साथ ही ओकिनावा के दक्षिणी हिस्से में तटीय क्षेत्रों से लोगों को दूर रहने को कहा गया। उन्हें यहां से बाहर जाने को कहा गया है, ताकि सुनामी से उनकी जान बचाई जा सके।