नॉर्थ सेंट्रल जापान में नए साल के पहले दिन 7.4 तीव्रता वाले भूकंप ने लोगों को डरा दिया। इस भूकंप के बाद जापान के मौसम विभाग ने कोस्टल एरिया में सुनामी की चेतावनी जारी की है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने इशिकावा और आसपास के प्रांतों में भूकंप आने की सूचना दी, जिनमें से एक की प्रारंभिक तीव्रता 7.4 मापी गई।

जापान के सरकारी टीवी NHK TV के अनुसार, इशिकावा प्रान्त के नोटो क्षेत्र में समुद्र में पांच मीटर तक लहरें उठने का अनुमान है। सुनामी की आशंका को देखते हुए भूकंप के तुरंत बाद लोगों को जल्द से जल्द ऊंचे स्थानों या पास की इमारत की ऊपरी मंजिलों पर चले जाने के लिए कहा गया। भूंकप की वजह से फिलहाल किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। कई रिपोर्ट्स में जापान में बड़ी संख्या में बिजली घरों के बंद होने के दावा किया गया है।

NHK के मुताबिक, जापान के पश्चिमी तट पर निगाटा और अन्य क्षेत्रों में लगभग तीन मीटर ऊंची सुनामी आने की आशंका जताई गई। इसके अनुसार, समुद्र तट पर कम ऊंचाई की सुनामी लहरें पहले ही दर्ज की गई हैं। भूकंप प्रभावित क्षेत्र में स्थित एक परमाणु संयंत्र ‘तोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी’ ने कहा कि संयंत्र में अब तक किसी तरह की संचालन संबंधी दिक्कत सामने नहीं आई है।

इन क्षेत्रों में भी जारी की गई सुनामी की चेतावनी

जापान के मौसम विभाग द्वारा निगाटा प्रान्त, टोयामा प्रान्त, यामागाटा प्रान्त, कागा इशिकावा प्रान्त, फुकुई प्रान्त और उत्तरी ह्योगो प्रान्त में जोएत्सु, चुएत्सु, काएत्सु और सादो के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है।

भारतीय दूतावास ने जारी किए इमरजेंसी नंबर

जापान में भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए इमरजेंसी नंबर जारी किए हैं। दूतावास की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, एंबेसी ने भूकंप के बाद एक कंट्रोल रूम बनाया है। जापान में मौजूद भारतीय नागरिक नीचे दिए गए नंबरों के जरिए दूतावास से संपर्क कर सकते हैं।

+81-80-3930-1715 ( याकूब टोपनो)
+81-70-1492-0049 (अजय सेठी)
+81-80-3214-4734 (डी.एन. बरनवाल)
+81-80-6229-5382 (एस. भट्टाचार्य)
+81-80-3214-4722 (विवेक राठी)