पूर्वी कांगो में सेना और यूगांडाई विद्रोहियों के बीच झड़प में कम से कम 10 लोग मारे गए हैं। यह हिंसा उस इलाके में हुई जहां 2014 से सिलसिलेवार नरसंहार हुए हैं। एक स्थानीय कार्यकर्ता ने सोमवार (10 अक्टूबर) को यह जानकारी दी। कार्रवाई में सहयोग दे रहे एक चालक रोजे मुपेंदा ने बताया कि बेनी टॉउन हॉल के लोग फिलहाल संदिग्ध एडीएफ सदस्यों के शव और आठ अन्य शवों को एक बड़े वाहन में डाल रहे हैं। बेनी शहर के आसपास कई विद्रोही संगठन सक्रिय हैं। स्थानीय खानों और वन संसाधन का दोहन करने के लिए यह इलाका जातीय प्रतिद्वंदिता का सामना कर रहा है। इस इलाके में सिलसिलेवार नरसंहार हुए हैं जिनमें 2014 से 700 से अधिक लोग मारे गए हैं।