डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन के एक मॉल में फायरिंग की घटना हुई, जिसमे 3 लोगों की मौत हो गई। गोलीबारी में 3 लोग घायल भी हो गए हैं। घटना के बाद मॉल के बाहर भारी संख्या में सुरक्षा कर्मी तैनात कर दिए गए हैं। वहीं पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। कोपेनहेगन के पुलिस निरीक्षक सोरेन थॉमसन ने पत्रकारों को बताया कि गोलीबारी में शामिल एक 22 वर्षीय डेनिश व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि इस गोलीबारी के पीछे का क्या कारण था, वह स्पष्ट नहीं है। हालांकि पुलिस ने इसे आतंकी घटना मानने से इनकार नहीं किया है।पुलिस ने पुष्टि की कि वे ऑनलाइन पोस्ट किए गए वीडियो की जांच कर रहे हैं, जिसमें दावा किया गया है कि संदिग्ध को हथियारों के साथ दिखाया गया है और उसके सिर पर बंदूक तानी गई है।

घटना के बाद डेनमार्क के प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिकसन ने बयान जारी कर घायलों, उनके रिश्तेदारों और शोक संतप्त लोगों के साथ-साथ उन सभी व्यक्तियों के लिए सहानभूति जाहिर की, जो इस भयावह घटना के करीब थे। उन्होंने अपने बयान में कहा कि घटना दिल दहला देने वाली है और समझ से बाहर है। गोलीबारी शाम करीब साढ़े पांच बजे हुई, जिससे मॉल में अफरातफरी मच गई। पास के रॉयल एरिना में ब्रिटिश गायक हैरी स्टाइल्स का एक कॉन्सर्ट था, जिसे रद्द कर दिया गया।

गोलीबारी की घटना पर कोपेनहेगन की मेयर सोफी एंडरसन ने कहा, “घटना हैरान कर देने वाली है और बेहद गंभीर मामला है।” रविवार को ब्रिटिश पॉप स्टार हैरी स्टाइल्स का मॉल के करीब ही रॉयल अरीना में रात करीब रात 11 बजे एक बड़ा कॉन्सर्ट होना था।

वहीं अमेरिका के टेक्सास में भी बंदूकधारी ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं हमलावर ने खुद को पुलिस से घिरता देख खुद को भी गोली मार ली और उसकी जान चली गई। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। टेक्सास के समय के मुताबिक ये घटना शाम करीब साढ़े 6 बजे हुई।