चीन में भारी वर्षा और बाढ़ से कम से कम 160 व्यक्तियों की मौत हो गई है और 28 अन्य लापता बताए गए हैं। चीन ने गुरुवार (7 जुलाई) को इस वर्ष के पहले तूफान के लिए तैयारी की जो मुख्य भूभाग की ओर बढ़ रहा है। अधिकारियों ने आपदा राहत तैयारियों के लिए पूर्व चेतावनी जारी कर दी है।

संवाद समिति शिन्हुआ ने बताया कि 11 प्रांतीय क्षेत्रों में ओलावृष्टि और आंधी में 160 व्यक्तियों की मौत हो गई। ज्यादातर लोग यांग्त्जी नदी और उसकी सहायक नदियों से लगे क्षेत्रों में मारे गए।

बाढ़ और भूस्खलन से 18.4 लाख लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना पड़ा। करीब 56 हजार मकान धराशायी हो गए हैं और 560500 हेक्टेयर फसल नष्ट हो गई है। अधिकारियों ने करीब नौ अरब डॉलर का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान जताया है।