चीन के उत्तरी बंदरगाह शहर तियानजिन में रासायनिक और अन्य खतरनाक पदार्थों के एक गोदाम में भीषण आग लगने के बाद हुए दो जबरदस्त विस्फोटों में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई है और 400 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

रईहाई गोदाम में स्थानीय समयानुसार कल रात 11 बजकर 20 मिनट पर विस्फोट हुए। इससे आधे घंटे पूर्व यहां आग लगने की सूचना मिली थी। इस गोदाम में खतरनाक सामग्री रखी हुई थी।

सरकार संचालित संवाद समिति शिन्हुआ के अनुसार विस्फोट के बाद आग के गोले उठे और उनके कारण निकटवर्ती कंपनियों में भी विस्फोट हुए।

टेलीविजन की आधिकारिक सीसीटीवी फुटेज में शहर में जोरदार विस्फोट होते दिखाई दिए। निकतवर्ती इलाकों से 10,000 से अधिक लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।

तियानजिन बीजिंग से करीब 150 किलोमीटर दूर स्थित है। संवाद समिति ने बताया कि इस घटना में 17 लोगों की मौत हो गई और 400 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

टीवी रिपोर्ट में कहा गया है कि आग पर अभी काबू नहीं पाया जा सका है क्योंकि दमकलकर्मी रसायनों की मौजूदगी के कारण आग को नियंत्रित करने के लिए पानी का प्रयोग नहीं कर सकते। दमकलकर्मी आग बुझाने के लिए रेत और अन्य सामग्री का प्रयोग कर रहे हैं।

शिन्हुआ ने बताया कि दो दमकलकर्मियों से संपर्क नहीं हो पा रहा है और अन्य चार कर्मी बचाव अभियान के दौरान घायल हो गए। विस्फोट स्थल पर लोग फंसे हुए हैं और बचाव अभियान अब भी जारी है। घायलों को निकट के कई अस्पतालों में भेजा गया है।

शिन्हुआ के संवाददाताओं ने अस्पतालों के फर्श पर सभी जगह खून बहता देखा। तैदा अस्पताल के प्रमुख लु युन ने शिन्हुआ को बताया कि अधिकतर लोग शीशे टूटने या पत्थर लगने से घायल हुए हैं। इस अस्पताल में करीब 150 लोगों को भर्ती कराया गया है।

कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हैं। विस्फोटों के कारण कई किलोमीटर दूर तक की इमारतें हिल गईं और उनकी खिड़कियों के शीशे टूट गए।