एक पुलिस अधिकारी की गोलीबारी में एक अश्वेत किशोर की मौत होने की वीडियो फुटेज पर लोगों के बीच मचे हंगामे के बाद शहर के मेयर ने शिकागो के पुलिस प्रमुख को बर्खास्त कर दिया है। वीडियो में दिखाया गया है कि एक श्वेत पुलिस अधिकारी ने एक अश्वेत किशोर पर 16 बार गोलियां चलाईं जिससे उसकी मौत हो गई।

मेयर राहम एमान्युएल ने बताया कि उन्होंने शिकागो पुलिस अधीक्षक गैरी एफ मैकार्थी से कल औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा देने को कहा। एक सप्ताह पहले गोलीबारी की फुटेज जारी की गई थी और गोली चलाने वाले अधिकारी पर हत्या के आरोप लगाए गए थे। एमान्युएल ने मैकार्थी की बर्खास्तगी का कारण लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास का अभाव बताया।

उन्होंने मैकार्थी की बर्खास्तगी के बाद संवादाताओं से कहा, ‘वह समस्या से निपटने के बजाए खुद एक समस्या बन गए हैं।’
अधिकारियों ने एक फुटेज जारी किया है जिसमें दिखाया गया है कि शहर के एक पुलिस अधिकारी जैसन वान डाइक ने 17 वर्षीय लाक्वान मैक्डोनल्ड पर पिछले साल गोलियां चलाईं। इस फुटेज के जारी होने के बाद शिकागो में लोगों ने अपना आक्रोश जताया है। वीडियो में दिखाया गया है कि डाइक ने किशोर के जमीन पर गिर जाने के बावजूद उस पर कई गोलियां चलाईं।