बुर्किनाफासो की राजधानी औगादौगू के बाहरी क्षेत्र स्थित एक शस्त्रागार पर छापा मारने के मामले में 10 सैनिकों को गिरफ्तार किया गया है। सेना में संचार निदेशक विली यमीगो ने बताया कि ये 10 सैनिक बुर्किनाफासो के राष्ट्रपति के विश्वस्त सुरक्षा घेरे के पूर्व सैनिक थे। सैनिकों का यह समूह देश में लंबे समय तक राष्ट्रपति रहे ब्लेज कॉम्पाओर के विश्वस्त सैनिकों की इकाई था। साल 2014 में हुए प्रदर्शन के बाद उन्हें सत्ता से बेदखल कर दिया गया था।
पिछले साल सितंबर में तख्तापलट के एक असफल कोशिश के बाद राष्ट्रपति के इन सैनिकों को बर्खास्त कर दिया गया था। यमीगो ने बताया कि इस संबंध में एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया। हालांकि उन्होंने उसके बारे में कोई खास जानकारी नहीं दी। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। एक सप्ताह पहले राजधानी में एक कैफे और एक होटल पर इस्लामिक चरमपंथियों के हमले के बाद औगादौगू के बाहर स्थित शस्त्रागार में शुक्रवार की सुबह छापेमारी की गई थी। इस हमले में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई थी।