खोजी दलों ने बुधवार (28 दिसंबर) को काला सागर में दुर्घटनाग्रस्त एक सैन्य विमान का दूसरा रिकॉर्डर बरामद किया। इस हादसे में विमान सवार सभी 92 लोगों की मौत हुई थी। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि पहला विमान रिकॉर्डर मंगलवार (27 दिसंबर) को मिला था और विशेषज्ञों ने हादसे का कारण पता करने के लिए इसके डेटा की जांच शुरू कर दी है। रूस के रक्षा मंत्रालय का विमान ‘द टीयू 154’ रविवार की सुबह सोची शहर से अच्छे मौसम में उड़ान भरने के दो मिनट बाद काला सागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें ‘एलेक्जेंड्रोेव एनसेम्बल’ के सदस्य भी सवार थे जो सीरिया में रूस के सैन्य अड्डे पर नववर्ष के कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि दुर्घटना स्थल से 15 शव और शरीर के 239 टुकड़े मिले हैं। इससे पहले उसने कहा था कि उसे 17 शव मिले थे। करीब 3600 लोगों को शामिल करके एक विशाल खोजी अभियान चलाया जा रहा है। इसमें नौसेना के 200 गोताखोर भी शामिल हैं। जांचकर्ता इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या दुर्घटना खराब ईंधन, पायलट की गलती, उपकरण खराब होने या इंजन में कुछ वस्तु अटकने से हुई या नहीं।