Elon Musk company X Overpayment: अरबपति बिजनेस मैन और टेस्ला कंपनी के मालिक एलन मस्क की कंपनी एक्स की एक गलती का खामियाजा अब इसे ही भारी पड़ रहा है। एक्स ने अपने कई निकाले गए कर्मचारियों को उनके वेतन से ज्यादा पेमेंट कर दिया है और कंपनी ने अब इन पूर्व कर्मचारियों से अपने पैसे वापस मांगे हैं। कंपनी का दावा है कि गलती से ज्यादा पेमेंट कर दी गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओवर पेमेंट की रकम 1,500 से 70,000 डॉलर (लगभग 57.4 लाख) के आसपास है। निकाले गए कम से कम 6 कर्मचारियों को कानूनी नोटिस जारी किए गए हैं। इस नोटिस में एक्स ने पूर्व कर्मचारियों से दिए गए पैसे वापस लौटाने के लिए कहा है। कंपनी की तरफ से कहा गया कि अमेरिका डॉलर से ऑस्ट्रेलियाई करेंसी में कन्वर्ट करने की वजह से आपको ज्यादा पेमेंट कर दिया गया है। ऐसे में आपको जितने ज्यादा पैसे मिले हैं वह कंपनी को वापस कर दें।
कंपनी ने किया ओवरपेमेंट
X के एशिया पैसिफिक ह्यून रिसोर्स डिपार्टमेंट के हवाले से कहा गया, “हमारे संज्ञान में आया है कि आपको जनवरी 2023 में गलती से एक अहम ओवरपेमेंट प्राप्त हुआ है। अगर आप अपनी सुविधानुसार हमें पुनर्भुगतान की व्यवस्था कर सकें तो हम आभारी होंगे।” कंपनी ने बताया कि कर्मचारियों को एक्स जॉइन करने के बाद दिए जाने वाले इम्पलाई शेयर के तौर पर दिए जाने वाले नकद मुआवजा देने के दौरान ज्यादा भुगतान कर दिया गया।
डिफेर्ड कैश पेमेंट दरअसल किसी भी कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी के वेतन का वह भाग होता है, जो कंपनी बाद में अपने कर्मचारी को देती है। कंपनी से रिटायर होने के बाद इस रकम का भुगतान किया जाता है।
कंपनी पर कई कर्मचारी कर चुके मुकदमा
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई मामले दर्ज कराए जा चुके हैं। इनमें आरोप लगाया गया है कि 2022 में मस्क के 44 बिलियन डॉलर में X(पूर्व में ट्वीटर) का अधिग्रहण के बाद निकाले गए हजारों कर्मचारियों को सेवेरेंस पेमेंट (severance payment) नहीं किया।
बता दें कि बीते साल की शुरुआत में ट्विटर से फायर किए गए हजारों कर्मचारियों ने कहा था कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का अधिग्रहण करने के बाद उन्हें नौकरी से निकालने पर उनके साथ सेवेरेंस पेमेंट में धोखाधड़ी की गई थी। उनका कहना है कि उन्हें अभी तक हर्जाने की रकम नहीं मिली है। इनमें कंपनी के पूर्व सीओ पराग अग्रवाल और सीएफओ नेड सेगल भी शामिल हैं।