कुछ साल पहले फोर्ब्स मैगजीन ने अमेरिका के लेबर ब्यूरो के 2012 के आंकड़ों के आधार पर निष्कर्ष निकाला था कि देश में सबसे जानलेवा पेशा मछुवारों (117 मौत प्रति लाख कामगार) का है। उसके बाद लकड़हारों (127.8 मौत प्रति एक लाख कामगार) का स्थान था। इस आकंड़े के अनुसार किसी एक साल में किसी लकड़हारे की मौत की संभावना 0.13 प्रतिशत होती है। लेकिन अमेरिका में एक पेशा ऐसा भी है जो शायद इन पेशों से भी खतरनाक है लेकिन चूंकि वो पेशा आम रोजगार के तहत नहीं आता इसलिए लेबर ब्यूरो के आंकड़ों से उसके जोखिम का पता लगाना नामुमकिन है। वो पेशा है अमेरिका के राष्ट्रपति का। भले ही अमेरिका का राष्ट्रपति बनने की तुलना दूसरी नौकरियों से करना उचित न हो लेकिन इसमें कितना जोखिम है उसे जानकर आप हैरत में पड़ जाएंगे।

अमेरिका में पहली बार राष्ट्रपति का चुनाव 1789 मे हुआ था। जॉर्ज वाशिंगटन देश के पहले राष्ट्रपति बने थे। तब से 2016 तक कुल 43 लोग अमेरिका के राष्ट्रपति बन चुके हैं। जाहिर है कई अमेरिकी राष्ट्रपति एक से ज्यादा बार राष्ट्रपति बने हैं। इन 43 लोगों में से आठ की मृत्यु पद पर रहते हुए हुई है। यानी किसी भी अमेरिकी राष्ट्रपति की मृत्यु की प्रायिकता 18.6 प्रतिशत हुई।

वीडियो: चाणक्य मछली ने लगाया डोनाल्ड ट्रंप के जीतने का अनुमान-

लेबर ब्यूरो प्रति वर्ष के औसत के आधार पर विभिन्न नौकरियों में जोखिम का अनुमान लगाता है। हम अमेरिकी राष्ट्रपतियों की जान के जोखिम को इस लिहाज से भी आंके तो ये अमेरिका का सबसे जोखिम भरा पेशा साबित होता है। 1789 में हुए अमेरिका के पहले चुनाव से 2016 तक कुल 228 वर्षों के बीच आठ राष्ट्रपतियों के कार्यकाल के दौरान मृत्यु हुई है। इस लिहाज से हर साल किसी कार्यरत राष्ट्रपति की मृत्यु की संभावना करीब 3.5 प्रतिशत होगी। यानी अमेरिका का राष्ट्रपति बनने में मछुवारा या लकड़हारा बनने से करीब 27 गुना ज्यादा जोखिम है।

जिन आठ अमेरिकी राष्ट्रपतियों की पद पर रहते हुए मृत्यु हुई थी उनमें से चार, अब्राहम लिंकन, जेम्स गारफील्ड, विलियम मैककिनले और जान एफ केनेडी की गोली मारकर हत्या की गई थी। वारेन हार्डिंग और फ्रैंकलीन डी रूजवेल्ट की ब्रेन हेमरेज से मौत हुई थी। विलियम हेनरी हैरीसन (1841) महज 30 दिन पद पर रहे सके थे। माना जाता है कि उन्हें एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान ढंड लग गई और करीब एक महीने बाद उनका बीमारी से देहांत हो गया। अमेरिका के 12वें राष्ट्रपति जैचरी टेलर की भी पद पर रहते हुए मौत हो गई थी। माना जाता है कि उनकी मौत पेट की किसी गंभीर वजह के हुई थी।