Attack on Vladimir Putin: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की कार पर हमले का दावा किया गया है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि रूसी राष्ट्रपति पर जानलेवा हमला किया गया है। दावा है कि व्लादिमीर पुतिन की कार के पास बम फेंका गया जिसमें वे बाल-बाल बच गए।

यूरो वीकली न्यूज की एक रिपोर्ट के अनुसार, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन हत्या के प्रयास में बाल-बाल बचे हैं। रिपोर्ट में कहा गया कि जनरल जीवीआर टेलीग्राम चैनल पर बुधवार को यह जानकारी जारी की गई। हालांकि, आउटलेट ने कहा कि यह ज्ञात नहीं है कि यह प्रयास कब हुआ।

फरवरी 2022 में रूस के यूक्रेन पर आक्रमण करने के बाद से पुतिन के स्वास्थ्य और जान पर खतरों जसे जुड़ी कई अफवाहें सामने आ रही हैं। ​​रूसी राष्ट्रपति ने 2017 में सार्वजनिक रूप से खुलासा किया था कि वह कम से कम पांच हत्या के प्रयासों से बच गए हैं।

कार पर बम फेंके गए: क्रेमलिन के सूत्रों ने दावा किया है कि पुतिन की कार पर बम फेंके गए थे, जिनका मकसद साफ तौर पर पुतिन की हत्या करना था। हालांकि, बुलेट और बम प्रूफ कार ने इस हमले को नाकाम कर दिया। हमले के दौरान पुतिन की कार के बाएं हिस्से में तेज धमाका हुआ और चारों तरफ तेजी से धुआं फ़ेल गया। इस घटना को देख एक्शन में आए पुतिन के बॉडीगार्ड्स उनकी कार को सुरक्षित तरीके से दूसरी जगह लेकर चले गए।

सूत्रों के मुताबिक, इस घटना के बाद पुतिन की सुरक्षा सेवा से जुड़े कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी हुई है। राष्ट्रपति पुतिन की सुरक्षा सेवा के कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यही नहीं पुतिन के आने जाने के बारे में सूचना के लीक होने के बाद उनके कई बॉडीगार्ड को हटा दिया गया।

सुरक्षित हैं रूसी राष्ट्रपति: जानकारी के मुताबिक व्‍लादिमीर पुतिन अपने आधिकारिक आवास लौट रहे थे, इस दौरान कुछ किलोमीटर पहले ही सुरक्षा दस्ते की पहली कार को एक एंबुलेंस ने रोक दिया। जिसके बाद पुतिन की कार के बायीं तरफ जोरदार धमाका हुआ और उसमें धुआं निकलने लगा। इसके बाद कार को बमनिरोधक और बुलेटप्रुफ सुरक्षाकर्मियों ने चारों तरफ से घेर लिया और आसपास फैले धुएं को हटाने की कोशिश की गई। कुछ सेकेंड के भीतर ही रूसी राष्ट्रपति को सुरक्षित जगह पर पहुंचा दिया गया।