सोमालिया के शबाब व्रिदोहियों ने शनिवार को महत्वपूर्ण बंदरगाह शहर मेरका में शरिया कानून लगा दिया। स्थानीय लोगों ने यह जानकारी दी है। इससे पहले शुक्रवार को इस्लामी आतंकियों ने शहर पर दोबारा कब्जा कर लिया। शहर 2012 से अफ्रीकी संघ के सैनिकों के नियंत्रण में था। स्थानीय लोगों और अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को भारी हथियारों से लैस शबाब के लड़ाके काले इस्लामी झंडे थामे शहर में घुस आए थे।

शहर के एक निवासी इब्राहिम अहमद ने शनिवार को फोन पर बताया, ‘‘शहर में शांति है और जनजीवन सामान्य है, दुकानें दोबारा खुल रही हैं लेकिन स्थानीय प्रशासन के साथ काम कर रहे लोग अब अपनी जान पर खतरे के कारण छिप रहे हैं।’’

मोहम्मद मोवलिद नाम के एक दूसरे निवासी ने कहा, ‘‘शबाब लड़ाके सड़कों पर गश्त लगा रहे हैं और लोगों से ऐसा कोई भी काम ना करने के लिए कह रहे हैं जिससे शरिया का उल्लंघन होता हो।’’

मेरका सोमालिया उन पहले प्रमुख शहरों में शामिल है जिनपर शबाब ने दोबारा कब्जा कर लिया है। मेरका पर कब्जे से शबाब को दोबारा किसी बंदरगाह तक पहुंच मिल गयी है। शबाब सोमालिया के अंतरराष्ट्रीय समर्थन प्राप्त सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए लड़ रहा है। सोमालिया सरकार की सुरक्षा में अफ्रीकी संघ के 22,000 सैनिक लगे हुए हैं।