बुर्किना फासो में एक होटल पर हुए अलकायदा के हमले में 12 विदेशियों सहित 29 लोग मारे गए। राजधानी में हुआ यह हमला क्षेत्रीय जिहादियों के विस्तार को स्पष्ट करता है। बुर्किना फासो के सैनिकों ने फ्रांस के विशेष बलों की मदद से आतंकवादियों के खिलाफ अभियान चलाया। लोकप्रिय चार सितारा ‘स्प्लेंडिड होटल’ को निशाना बनाने वाले आतंकवादियों में दो महिलाएं भी शामिल थीं। इतना ही नहीं, आतंकियों ने सैकड़ों लोगों को बंधक बना लिया। बुर्किना फासो ने हमले के बाद तीन दिवसीयराष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। हमले ने माली में होटल पर हुए अलकायदा के हमले की याद दिला दी है, जिसमें 20 लोग मारे गए थे। पिछले महीने ही पदभार संभालने वाले राष्ट्रपति रोश मार्क क्रिस्टियन काबोरे ने अपने बयान में कहा कि ‘बुर्किना फासो सदमे में है।’ उन्होंने कहा कि इतिहास में पहली बार हमारा देश सिलसिलेवार बर्बर आतंकी हमलों का शिकार हुआ है।’ हमला शुक्रवार की शाम सात बजकर 45 मिनट पर शुरू हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने चार हमलावरों के होने की बात कही है।

होटल और पास के रेस्तरां पर हुए हमले में छह कनाडाइयों के अलावा फ्रांस के दो, स्विटजरलैंड के दो और एक अमेरिकी और एक पुर्तगाली नागरिक सहित 29 लोग मारे गए। गृहमंत्री सिमोन कंपोरे ने कहा कि तीन ‘नौजवान’ जिहादियों के शवों की शिनाख्त कर ली गई है। वे सभी पुरुष थे। हालांकि सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि कम से कम चार आतंकवादी मारे गए, जिनमें से दो महिलाएं हैं। अलकायदा इन इस्लामिक मगरेब (एक्यूआइएम) ने एक सहयोगी संगठन की ओर से हमले की जिम्मेदारी ली है और कहा है कि ‘फ्रांस और नास्तिक पश्चिम’ से बदला लेने के लिए पूर्वी फ्रांसीसी उपनिवेश पर हमला किया गया। हमले से यह स्पष्ट हो रहा है कि जिहादी समूह, पश्चिम अफ्रीका में अपना दायरा बढ़ा रहे हैं। यह हमला माली में एक होटल पर हुए हमले के दो महीने बाद हुआ है।