जर्मन विमानन कंपनी ‘लुफ्थांसा’ की सस्ती सेवा प्रदाता की ओर से चलाया जा रहा एक विमान एयरबस ए 320 मंगलवार को फ्रांस में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान आल्प्स के सुदूरवर्ती क्षेत्र में हादसे का शिकार हुआ। इसमें सवार सभी 150 यात्रियों की मौत हो गई। यह फ्रांस में दशकों का सबसे बड़ा विमान हादसा है।

दुर्घटना कैसे हुई यह अभी तक रहस्य बना हुआ है। अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल से जर्मनविंग्स एयरबस ए 320 का ब्लैक बाक्स बरामद कर लिया है। पर्वतीय क्षेत्र होने के कारण राहत कार्य में बाधा आ रही है। जर्मनविंग्स ने कहा कि एयरबस ए 320 दक्षिण पूर्वी फ्रांस के बर्फ से ढके पर्वतीय क्षेत्र में जा गिरा। लेकिन फ्रांस के अधिकारियों ने कहा कि संकट होने का कोई सिग्नल जारी नहीं किया गया।


विमान में स्पेन और जर्मनी के 144 यात्रियों के अलावा चालक दल के छह सदस्य सवार थे। यह विमान बार्सिलोना से पश्चिमी जर्मनी के शहर दुसेल्दोर्फ जा रहा था और यह बार्सिलोनेटे स्की रिसोर्ट के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ। फ्रांस के गृह मंत्री बर्नार्ड काजेनेव ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त विमान का ब्लैक बाक्स मिल गया है और इसे जांचकर्ताओं को सौंपा जाएगा।

PHOTOS: फ्रांस विमान ‘A320′ का दर्दनाक सफर: 150 लोगों को गया निगल

हादसे का कारण खराब मौसम नहीं लग रहा है क्योंकि घटना के समय मौसम ‘शांत’ था। फ्रांस के प्रधानमंत्री मैनुअल वाल्स ने कहा कि कोई जीवित नहीं बचा और अधिकारी हादसे की किसी भी वजह से इनकार नहीं कर सकते। जर्मन अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त विमान में स्कूल की ओर से यात्रा पर आए 16 जर्मन किशोर भी सवार थे।

फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांसवा ओलोंद ने कहा कि वह बुधवार को हादसा स्थल पर अपने जर्मन और स्पेनिश समकक्ष से मिलेंगे।