अफगानिस्तान के कुनार में हुए एक धमाके में तालिबान के एक सदस्य की मौत हो गई। इस ब्लास्ट में नागरिक समेत छह अन्य घायल हुए हैं। टोलो न्यूज ने स्थानीय सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से जानकारी दी कि रविवार को कुनार के केंद्र असदाबाद शहर में यह धमाका तब हुआ जब तालिबान के सुरक्षा बलों के वाहन में प्लांट किये गये लैंडमाइन में विस्फोट हो गया।
टोलो न्यूज ने एक ट्वीट में बताया कि कुनार के केंद्र असदाबाद में हुए एक विस्फोट में इस्लामिक अमीरात बलों के एक सदस्य की मौत हो गई और 6 अन्य नागरिक घायल हो गए। विस्फोट आईईडी की वजह से हुआ। गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार को भी अफगानिस्तान के काबुल में ब्लास्ट हुआ था। इस ब्लास्ट में कम से कम पांच तालिबानी सदस्य और एक नागरिक की मौत हुई थी।
इससे पहले भी हुए ब्लास्ट: बता दें कि अफगानिस्तान में आए दिन ब्लास्ट की खबरें आती रहती हैं। काबुल सुरक्षा विभाग के मुताबिक बीते सोमवार को भी काबुल के पुलिस जिला-4 में ब्लास्ट हुआ था। जिसमें एक साइकिल का इस्तेमाल किया गया था।
वहीं 25 मई को बल्ख प्रांत की राजधानी में तीन विस्फोट में कम से कम 9 लोगों के मारे जाने की खबर सामने आई थी। इसमें अन्य 15 लोग घायल हुए थे। इसके अलावा उसी दिन काबुल शहर की मस्जिद शरीफ हजरत जकारिया मस्जिद में हुए विस्फोट में कम से कम दो नमाजियों की मौत हो गई।
गौरतलब है कि अफगानिस्तान में सत्ता परिवर्तन के बाद शासन कर रहे तालिबान राज में देश की सुरक्षा व्यवस्था कमजोर हुई है। इसको लेकर उसे विश्व समुदाय से भारी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। देश में आतंकवादी गतिविधियों के चलते संयुक्त राष्ट्र ने तालिबान पर कई प्रतिबंध लगाए हुए हैं।
आर्थिक संकटों से जूझ रहे इस देश में आए दिन होने वाले ब्लास्ट से देश की आर्थिक स्थिति को झटका लगा है। जहां पहले से ही भोजन की कमी के साथ मानवीय संकट बना हुआ है।