पाकिस्तान ने सोमवार (14 नवंबर) को कहा कि नियंत्रण रेखा पर बिना किसी उकसावे के भारतीय सैनिकों द्वारा की गयी गोलीबारी में उसके सात सैनिक मारे गए। उसके बाद प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा कि उनका देश अपनी सरजमीं का किसी भी आक्रामक कार्रवाई से रक्षा करने में पूरी तरह समर्थ है। सेना के एक बयान के अनुसार रविवार (13 नवंबर) देर रात भिम्बर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सैनिकों के कथित संघर्षविराम उल्लंघन में सात पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। सेना ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने बिना किसी उकसावे के भारतीय सैनिकों द्वारा की गयी गोलीबारी का जवाब दिया और भारतीय चौकियों को प्रभावी तरीके से निशाना बनाया।
पाकिस्तान के प्रेस सूचना विभाग के अनुसार शरीफ ने नियंत्रण रेखा पर भारतीय बलों के नवीनतम संघर्षविराम उल्लंघन में लोगों की मौत पर दुख प्रकट किया और कहा कि यह बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण है कि हाल के दिनों में भारतीय बलों ने नियंत्रण रेखा पर निरंतर संघर्षविराम उल्लंघन किया है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हम किसी भी आक्रामक कार्रवाई को लेकर अपनी सरजमीं की रक्षा करने में पूरी तरह समर्थ हैं। भारतीय सैन्यबल ने कश्मीर में गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन से दुनिया का ध्यान बांटने के लिए नियंत्रण रेखा पर तनाव बढ़ाने का रास्ता अख्तियार किया है।’
अक्टूबर में पाकिस्तान ने भारतीय सेना के दावे कि बीएसएफ की गोलीबारी में 7 पाकिस्तानी रेंजर्स मार गिराए गए, का खंडन किया था। सर्जिकल स्ट्राइक्स के बाद, पाकिस्तान ने 90 से ज्यादा बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है और कश्मीर में बीएसएफ की फॉरवर्ड पोस्ट्स पर गोलीबारी की। इस दौरान 10 भारतीय जवान शहीद हुए। पाकिस्तानी सीमा से लगे भारतीय गांवों में भी कई नागरिकों की मौत पिछले डेढ़ महीनों में हुई है। भारतीय सेना द्वारा किए गए सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तानी सेना ने 99 बार सीजफायर का उल्लंघन किया है।
सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों को नष्ट करनेवाले सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाक सैनिकों ने नियंत्रण रेखा पर 99 बार सीजफायर का उल्लंघन किया है।”
अधिकारी ने बताया कि इनमें से 83 बार सिर्फ जम्मू क्षेत्र में सीजफायर का उल्लंघन किया गया है। 2015 में पाक की ओर से 405 सीजफायर उल्लंघन के मामले सामने आए थे। वहीं इस साल अब तक 500 मामले हो चुके हैं। इनमें से दो तिहाई घटनाएं पिछले 40 दिन में हुई हैं। सिर्फ जम्मू में ही इस साल सीजफायर के 200 मामले दर्ज किए गए।
वीडियो में देखें पाकिस्तान का कबूलनामा: भारतीय सेना की गोलीबारी में मारे गए 7 पाकिस्तानी सैनिक