हिंसाग्रस्त यमन से सउदी अरब के दक्षिण पश्चिमी सीमावर्ती शहर नजरान में एक मिसाइल दागे जाने से तीन लोग मारे गए जिनमें दो भारतीय हैं। इस साल इस तरह की यह तीसरी घटना है जिसमें भारतीय नागरिक मारे गए हैं। सउदी प्रेस एजेंसी की खबर के मुताबिक शनिवार को यमन से लगी सीमा पार से मिसाइल दागे जाने पर दो प्रवासी भारतीय और एक सउदी नागरिक की मौत हो गई।

सउदी गजट की खबर के मुताबिक घटना में कुछ लोग घायल हो गए जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। बहरहाल, दो भारतीयों की मौत होने के सिलसिले में यहां स्थित भारतीय दूतावास से कोई टिप्पणी नहीं मिली है। सितंबर में सउदी अरब के जिजान क्षेत्र में यमन से हुए एक हमले में एक भारतीय मारा गया था और तीन अन्य घायल हो गए थे। जिजान घटना से ठीक पहले एक अन्य भारतीय मारा गया था और दो अन्य इसी क्षेत्र में घायल हुए थे।

खाड़ी देश में सबसे बड़ा समूह भारतीयों का है और उनमें से सैकड़ों लोग जिजान और नाजरन में रह रहे हैं। यह क्षेत्र यमन की सीमा से लगा हुआ है। सउदी नीत गठबंधन 26 मार्च से ही हुती विद्रोहियों से लड़ रहा है। दोनों ओर के प्रतिनिधि स्विटजरलैंड में संयुक्त राष्ट्र प्रायोजित वार्ता में फिलहाल शामिल हो रहे हैं।